Uncategorized

24 घंटे के भीतर बालको पुलिस ने सुलझाया अंधे कत्ल का मामला, जाने दोस्त ने क्यों की युवक की बेदर्दी से हत्या…

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र में अंधे कत्ल की घटना सामने आई, जहां अवैध संबंध के चलते एक युवक ने अपने दोस्त की चाकू गोदकर हत्या कर दी। फिर शव को झाड़ी में छिपा दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह ने नेतृत्व में पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर ही मामले को सुलझा लिया।

घटना भदरापारा स्थित सीएसईबी राखड़ डैम के पास हुई। मृतक की पहचान भुनेश्वर जायसवाल (35) के रूप में हुई है। जिसके परिवार ने शनिवार की देर रात लगभग 2 बजे बालको थाना पहुंचकर उसके लापता होने की सूचना दी थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खोजबीन शुरू की और भुनेश्वर के दोस्तों से पूछताछ की। साथ ही पुलिस ने भुनेश्वर की कॉल डिटेल्स और लास्ट लोकेशन का पता लगाया। तब पता चला कि भुनेश्वर और उसका दोस्त राहुल (बदला हुआ नाम) घटना के दिन एक साथ देखे गए थे। इसी आधार पर पुलिस ने राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। राहुल ने पूछताछ में पूरी घटना का खुलासा किया। उसने बताया कि वह और भुनेश्वर लंबे समय से दोस्त थे, लेकिन भुनेश्वर का राहुल की पत्नी के साथ अवैध संबंध था, जिसे लेकर राहुल काफी परेशान था। शनिवार को राहुल और भुनेश्वर राखड़ डैम के पास शराब पीने गए थे। शराब के नशे में राहुल ने भुनेश्वर से कहा कि वह उसकी पत्नी से दूर रहे। इस पर भुनेश्वर ने मजाक उड़ाते हुए कहा कि वह अपनी पत्नी को तलाक दे दे, और वह उसे अपने साथ रख लेगा। यह सुनकर राहुल का गुस्सा भड़क गया और दोनों के बीच झगड़ा हो गया। तब भुनेश्वर ने चाकू निकाला तो राहुल ने उसके हाथ से चाकू छीन लिया और गुस्से में आकर भुनेश्वर पर कई वार कर दिए। भुनेश्वर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी राहुल को नगर से फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।