राज्योत्सव में बालको के पैवेलियन ने खींचा लोगों का ध्यान, औद्योगिक प्रगति के साथ सामाजिक विकास की दिखाई तस्वीर
128 गांवों में 1.80 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच रहीं बालको की सामुदायिक विकास योजनाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कोरबा राज्योत्सव-2026 में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) के पैवेलियन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कंपनी ने अपने स्टॉल के माध्यम से औद्योगिक प्रगति, आधुनिक तकनीक और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की झलक प्रस्तुत की।
राज्योत्सव के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला प्रशासन के अधिकारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने बालको के पैवेलियन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी की औद्योगिक प्रगति और सामाजिक विकास से जुड़ी पहलों की जानकारी ली।
आधुनिक तकनीक और विकास परियोजनाओं का प्रदर्शन
बालको के पैवेलियन में आगंतुकों को एल्युमिनियम उत्पादन की आधुनिक प्रक्रिया, अत्याधुनिक तकनीकों और सतत विकास के प्रयासों से अवगत कराया गया। इसके साथ ही कंपनी की प्रमुख सामुदायिक विकास परियोजनाओं उन्नति, मोर जल मोर माटी, वेदांता स्किल स्कूल, कनेक्ट कोचिंग प्रोग्राम, कोसाकरी, नंदघर और स्वास्थ्य सेवाओं को भी प्रदर्शित किया गया।

कंपनी के अनुसार, वेदांता स्किल स्कूल के माध्यम से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्नति परियोजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित कर रही है। वहीं मोर जल मोर माटी परियोजना के जरिए किसानों को सतत कृषि और बेहतर आजीविका से जोड़ने की पहल की जा रही है।
मोबाइल हेल्थ वैन के माध्यम से ग्रामीण एवं जरूरतमंद समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। शिक्षा, पारंपरिक हस्तशिल्प, ग्रामीण खेलों और सामुदायिक सहभागिता के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
पांच जिलों के 128 गांवों में पहुंच रही विकास की पहल
बालको के अनुसार, कोरबा की धरती से अपनी यात्रा शुरू करने वाली कंपनी आज ऊर्जा, अधोसंरचना, परिवहन और विनिर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में देश की प्रगति में योगदान दे रही है। औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए कंपनी छत्तीसगढ़ के पांच जिलों कोरबा, कवर्धा, सरगुजा, रायगढ़ और रायपुर के 128 गांवों में अपनी सामुदायिक विकास गतिविधियां संचालित कर रही है। इन पहलों से 1.80 लाख से अधिक लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का दावा कंपनी ने किया है।
बालको ने राज्योत्सव के माध्यम से औद्योगिक उत्कृष्टता के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और सतत आजीविका के क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कंपनी का कहना है कि कोरबा की मिट्टी से जुड़ाव बनाए रखते हुए औद्योगिक प्रगति और सामुदायिक सशक्तिकरण के जरिए सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का प्रयास जारी रहेगा।





