Uncategorized
हादसों का खदान कुसमुंडा, अब कन्वेयर बेल्ट में सफाई करते हुए फंसा ठेका कर्मी, कटर से बेल्ट काटकर निकालना पड़ा बाहर, हालत गंभीर

कोरबा। हादसों का कोयला खदान साबित हो रहे कुसमुंडा खदान में आज सुबह कन्वेयर बेल्ट की सफाई करते समय एक ठेका कर्मी फंस गया। कटर से बेल्ट को काटकर ठेकाकर्मी को बाहर निकाला गया। उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। घायल ठेका कर्मी अशोक कुमार (25) सर्वमंगला नगर के रहने वाला है। एक अन्य ठेका कर्मी करन ने बताया कि वह और उसका साथी ऊपर की ओर काम कर रहे थे। नीचे अशोक यादव और एक अन्य साथी काम कर रहे थे। इस दौरान कन्वेयर बेल्ट से कोयला उठाते समय अशोक हादसे का शिकार हो गया। मौके पर गैस कटर मंगाया गया और बेल्ट को काटकर मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया और निजी वाहन में अस्पताल ले जाया गया।