सड़क हादसे के बाद 24 घंटे तक चक्काजाम, 40-50 असामाजिक तत्वों के खिलाफ केस दर्ज
रिंग रोड पर हुआ था हादसा, ऑटो चालक की हो गई थी मौत, लगातार एक्सीडेंट के चलते लोगों ने अक्रोशित होकर किया था चक्काजाम



कोरबा। रिंग रोड पर सड़क हादसे के बाद 24 घंटे तक चक्काजाम करने के मामले में पुलिस ने 40-50 असामाजिक तत्वों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बालकोनगर के रिंग रोड पर परसाभाठा के पास शनिवार की शाम ट्रेलर ने ऑटो को ठोकर मार दी थी। घटना में ऑटो चालक की मौत हो गई और कई यात्री घायल हो गए थे। रिंग रोड पर बुधवार को पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास तेजरफ्तार ट्रेलर की ठोकर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस तरह सप्ताह भर के भीतर 2 किमी के बीच दो हादसे में लोगों की मौत होने और आए दिन एक्सीडेंट के कारण स्थानीय लोगों ने आक्रोशित होकर चक्काजाम कर दिया था। जो भारी वाहनों के परसाभाठा क्षेत्र से आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने और वैकल्पिक मार्ग तैयार करने की मांग कर रहे थे। प्रशासन के आश्वासन पर स्थानीय लोगों ने चक्काजाम समाप्त किया। उक्त मामले में अब वाहन चालक नोनबिर्रा निवासी निलाम्बर सिंह राठिया की रिपोर्ट पर बालको पुलिस ने 40-50 असामाजिक तत्वों के खिलाफ केस दर्ज किया है। निलाम्बर सिंह ने रिपोर्ट लिखाई है कि एक्सीडेंट की घटना को मुद्दा बनाकर चक्काजाम कर रास्ता बंद कर आवागमन 24 घंटे से भी ज्यादा समय तक अवरूद्ध किया गया था। इस दौरान यातायात प्रभावित हुई। असामाजिक तत्वों द्वारा वाहन चालकों को जबरन रोककर कार्य में बाधा उत्पन्न की गई, उनसे गाली गलौच की गई।
चक्काजाम के मामले में जुड़ सकती है अन्य धारा
बालको टीआई अभिनवकांत सिंह ने बताया कि चक्काजाम कर रास्ता रोकने और बलवा करने के मामले में केस दर्ज किया गया है। आगे सरकारी और निजी संपत्ति के नुकसान पहुंचाने की शिकायत पर अन्य धारा भी जुड़ सकती है।