Uncategorized

शहर का यह होटल है बदनाम, फिर पकड़ाई नशीली दवा

मालिक व मैनेजर हुए गिरफ्तार, पहले भी पकड़ाया है मामला, निजात अभियान के तहत हुई है कार्यवाही, 862 नग नशे का टेबलेट पकड़ा गया

 

कोरबा। शहर का पुराना होटल अब नशीली दवा के लिए बदनाम हो गया है। पूर्व में एक बार मामला पकड़ाने के बाद अब फिर से बड़ी मात्रा में नशीली दवा पकड़ी गई है।

जिले में पुलिस कप्तान संतोष सिंह द्वारा अवैध नशे के खिलाफ निजात अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मेन रोड कोरबा स्थित राज होटल में पुलिस की विशेष टीम ने छापा मारा। जहां से नशीली दवा Clonazepam का टेबलेट 282 नग, Nendia के टेबलेट 488 नग, Lorazepam का टेबलेट 90 नग एवं Zyspore का 02 नग नशीली टेबलेट, कुल मिलाकर 862 नग नशे का टेबलेट पकड़ा गया। मामले में  होटल मालिक संजय मित्तल व  मैनेजर जयराम बिंझवार के विरूद्ध धारा 21(C) NDPS Act के तहत कार्यवाही की गई। पुलिस को निजात अभियान के तहत सूचना मिली थी कि शहर के  “राज होटल” में नशे का अवैध कारोबार चल रहा है। जहां मैनेजर जयराम बिंझवार द्वारा अपने आफिस राज होटल में अवैध रूप से नशीली टेबलेट बिक्री के लिए रखा गया है। तब वहां छापामार कार्यवाही की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में नशीली दवा बरामद हुई। मामले में कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।