Uncategorized

कई साल से बंद पड़े मल्टीलेवल पार्किंग का फिर से शुरू हुआ शेष निर्माण, 1 साल में पूरा होगा कार्य 

30 फीसदी कार्य है बाकी, पूर्व में कार्य पूर्ण नहीं करने पर ठेकेदार की एसडी व पीजी की राशि कर ली गई थी राजसात

कोरबा। शहर में सफेद हाथी बनकर खड़े मल्टीलेवल पार्किंग के शेष बचे 30 फीसदी कार्य के लिए 4 साल बाद फिर से निर्माण कार्य शुरू हो गया है। कार्य पूरा होने में 1 साल का समय लगेगा जिसके बाद शहरवासियों को मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा मिलेगी।

शहर का पावर हाउस रोड प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है। शारदा विहार मोड़ से लेकर पुराना पवन टॉकिज रेलवे क्रासिंग तक सड़क के दोनों ओर व्यावसायिक प्रतिष्ठान है। पार्किंग के लिए प्रर्याप्त स्थान नहीं होने से पावर हाउस रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है। यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने सुनालिया चौक के पास डीएमएफ से 15 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू कराया था। कंस्ट्रक्शन कंपनी ने 70 प्रतिशत कार्य करने के बाद आगे का कार्य बंद कर दिया। 4 साल से शेष 30 फीसदी कार्य नहीं होने से पार्किंग आधी-अधूरी बनी मल्टीलेवल पार्किंग सफेद हाथी साबित हो रही थी। नगर निगम के 7 बार नोटिस के बाद भी कंस्ट्रक्शन कंपनी ने शेष कार्य को पूरा नहीं किया। ऐसे में नगर निगम ने कंस्ट्रक्शन कंपनी की अमानत राशि, सुरक्षा राशि व परफार्मेन्स गारंटी की राशि को राजसात कर लिया था। जिसके बाद मामला हाई कोर्ट पहुंच गया था। जहां सुनवाई में नगर निगम के पक्ष में फैसला आया। जिसके बाद अब मल्टीलेवल पार्किंग के बचे हुए 30 फीसदी कार्य को पूरा करने निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। कार्य पूरा होने की समय अवधि 1 वर्ष तय है। मतलब अब वर्ष 2026 में शहरवासियों को मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा मिलेगी।

करीब 4 करोड़ की लागत से पूरा होगा कार्य 

नगर निगम द्वारा 3 करोड़ 93 लाख 13 हजार रुपए की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग के शेष बचे 30 प्रतिशत निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निविदा के बाद अनुबंध व वर्क आर्डर जारी कर दिया गया था। अब निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके साथ अब मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कार्य पूर्ण होने का मार्ग पुनः प्रशस्त हो चुका है। एक साल बाद नगर निगम को मल्टीलेवल पार्किंग हैंडओवर कर दी जाएगी। जिसके बाद वर्ष 2026 में शहरवासियों को बहु प्रतिक्षित मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा मिलने लगेगी।

उपयोग के लिए शहरवासियों से सुझाव आमंत्रित

मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण पूर्ण होने से पहले ही बिल्डिंग की भव्यता को देखते हुए प्रशासन ने कई बार अाधे हिस्से में अलग-अलग प्रयोजन की प्लानिंग की। लेकिन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। अब मल्टीलेवल पार्किंग के प्रयोजन से ही 30 प्रतिशत बचे हुए हिस्से का निर्माण कार्य पूरा कराया जा रहा है। हालांकि बिल्डिंग का बेहतर उपयोग हो सके इसके लिए नगर निगम ने शहरवासियों (सिविल सोसायटी) से सुझाव आमंत्रित किया है। जिसमें सभी अपने हिसाब से सुझाव दे सकते हैं। उच्च अधिकारी प्रयोजन पर विचार करके भविष्य के लिए मल्टीलेवल पार्किंग के साथ ही अन्य प्रयोजन पर विचार कर सकते हैं।

मल्टीलेवल पार्किंग योजना की टाइम लाइन

कार्य:  मल्टीलेवल पार्किंग 

लागत:  15 करोड़ 36 लाख रुपए (डीएमएफ)

निर्माण कार्य प्रारंभ:     22 फरवरी 2017

कार्य पूरा करने तय अवधि:   अक्टूबर 2018

शेष कार्य रूकने की अवधि:     वर्ष 2020

कंस्ट्रक्शन कंपनी पर कार्रवाई:   22 जुलाई 2024 

पुन: निर्माण कार्य शुरू:      दिसंबर 2024 

कार्य पूरा करने तय अवधि:     दिसंबर 2025

1 हजार दो पहिया व 2 सौ चार पहिया वाहन की क्षमता

मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण दो फ्लोर में किया गया जिसमें ग्राउंड फ्लोर व अपर फ्लोर है। दोनों फ्लोर को मिलाकर मल्टीलेवल पार्किंग में 1 हजार दो पहिया व 2 सौ चार पहिया वाहन खड़ी करने की क्षमता है।

उपयोग के लिए ये योजनाएं बनी और हो गईं फेल

. पूर्व कलेक्टर किरण कौशल के कार्यकाल में मल्टीलेवल पार्किंग के एक हिस्से में मदर-चाइल्ड हॉस्पिटल बनाने की योजना बनी।

. पूर्व कलेक्टर रानू साहू के कार्यकाल में मल्टीलेवल पार्किंग में महिला स्व सहायता समूह के लिए बिहान बाजार बनाने की योजना बनी।

. 2 वर्ष पहले महापौर राजकिशोर प्रसाद ने बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर में पार्किंग व ऊपर फ्लोर के कमर्शियल उपयोग की योजना बनाई।

मल्टीलेवल पार्किंग का कार्य पुन: प्रारंभ, तय समय में होगा पूर्ण

नगर निगम आयुक्त अशुतोष पांडेय के मुताबिक शहर में बढ़ते यातायात के दबाव के मद्देनजर सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। 70 प्रतिशत निर्माण कार्य होने के बाद कंस्ट्रक्शन कंपनी ने कार्य बंद कर दिया था। जिसपर कार्रवाई करते हुए शेष 30 प्रतिशत निर्माण कार्य के लिए पुन: निविदा जारी किया गया। मल्टीलेवल पार्किंग के शेष बचे कार्य के लिए निर्माण कार्य पुन: प्रारंभ हो गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। तय समय पर कार्य पूर्ण होगा।