Uncategorized

दर्री डैम के गेट खुलने से हसदेव नदी में आई बाढ़, सीतामढ़ी में कई मकान चपेट में, निचली बस्तियो में रहने वाले रहे अलर्ट

 

बांगो डैम से छोड़ा जा रहा है पानी, दर्री डैम में भराव अधिक होने पर कम करने खोले गए गेट, रात में बारिश होने पर बेलगरी नाला, ढेंगुरनाला समेत अन्य सहायक नदियों में आ सकती है बाढ़ 

कोरबा। लगातार हो रही बारिश के चलते बांगो डैम में करीब 95 फीसदी भराव हो गया है। जहां से अत्याधिक पानी छोड़कर जलस्तर घटाया जा रहा है। लेकिन दूसरी ओर वहां से छोड़े गए पानी की वजह से दर्री डैम में भराव अधिक हो गया है। दर्री डैम में पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है यही वजह है कि यहां के दो गेट खोलकर हजारों क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। इससे हसदेव नदी में बाढ़ आ गई और शहर के सीतामढ़ी के निचली बस्तियों में बाढ़ का पानी घुस गया है। कई मकान पूरी तरह पानी से घिर गए हैं। बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और वहां रहने वाले लोग किसी तरह खुद की जान बचाने के लिए घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे। लोगों का आरोप है कि बिना सूचना दिए बांध से नदी में पानी छोड़ दिया गया जिससे लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। कोरबा समेत कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है जिससे साफ है कि बांगो व दर्री डैम में भराव कम करने के लिए और भी गेट खोले जाएंगे। ऐसे में हसदेव नदी पर जलस्तर और भी बढ़ सकता है। ऐसे में ढेंगुरनाला व बेलगरी नाला समेत अन्य सहायक नदियों का पानी रूकने से उक्त क्षेत्र के निचली बस्तियों में बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यदि आज की रात लगातार बारिश होगी तो लोगों को खुद के जान-माल की सुरक्षा के लिए अलर्ट रहना जरूरी है।

 

देर रात या सुबह खुल सकते हैं बांगो डैम के गेट

जिले में 3 साल बाद बांगो डैम के गेट खोलने की स्थिति बन रही है, पड़ोसी जिलों में लगातार बारिश से बांगो डैम का जलस्तर 95 प्रतिशत से बढ़ता जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक लगातार डैम से सायरन बजाकर अलर्ट किया जा रहा है। सभवत: देर रात या रविवार की सुबह डैम के कई गेट खोले जाएंगे। दूसरी ओर दर्री डैम से पहले ही एहतिहातन कई गेट खोलकर पानी निकाला जा रहा है।