छत्तीसगढ़

यूपी के जैसा कोरबा में एक्शन…बदली सरकार तो अवैध चखना दुकानों पर चलने लगा पुलिस-प्रशासन का बुलडोजर, गुंडागर्दी से परेशान लोगों ने कहा-पहले शिकायतों के बाद भी नहीं होती थी कार्यवाही

कोरबा। विधानसभा चुनाव में सरकार बदलते ही राज्य में प्रशासन और पुलिस यूपी के जैसे एक्शन में उतर गए हैं। आम जनता को जिस कारण से परेशानी उठानी पड़ रही थी अब उनके खिलाफ कार्यवाहियां हो रही है। पहले प्रशासन और पुलिस के सरंक्षण में शराब दुकान व आसपास अवैध गुमटी और ठेला लगाकर चखना दुकानें चलवायी जा रही थी। वहीं अब प्रशासन और पुलिस ऐसे अवैध चखना दुकानों पर बुलडोजर चला रहा है। दरअसल रायपुर, बिलासपुर के बाद अब कोरबा में भी प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा शराब दुकानों के पास संचालित होने वाले अवैध चखना सेंटरों पर कार्यवाही कर रही है। आज इसी कड़ी में शहर के सभी शराब दुकानों में अवैध रुप से संचालित हो रहे चखना सेंटरों पर कार्यवाही करते हुए बुलडोजर चलवा दिया गया। ऐसे चखना दुकानों के कारण आसपास निवासरत व सड़कों से आवाजाही करने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया था। लंबे समय से शिकायत के बाद भी प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई कार्यवाही नहीं हो रही थी। ऐसे में कार्यवाही होते देख स्थानीय व परेशान लोगों ने कहा- वाह…ऐसे ही एक्शन का इंतजार था, पहले शिकायत करते थक जाते थे, अब बिन शिकायत कार्यवाही से राहत मिली है।