बालको क्षेत्र की सड़कों की हालत जर्जर, आने-जाने में हमेशा बना रहता है खतरा, भाजपा की आई सरकार तो करेंगे बेहतर काम: लखन लाल देवांगन

कोरबा। कोरबा विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी लखन लाल देवांगन का चुनाव प्रचार प्रसार जोर पकड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि बालको क्षेत्र की सड़क बद से बत्तर हो चुकी है जिसकी वजह से आए दिन वहां सड़क हादसे का खतरा बना रहता है, भाजपा की सरकार बनेगी तो भारी वाहनों के लिए अलग से सड़क बनाकर समस्या दूर की जायेगी।
भाजपा प्रत्याशी लखन लाल देवांगन बालको नगर के वार्ड क्रमांक 40 नेहरू नगर व वार्ड क्रमांक 39 कैलाश नगर में घर-घर मतदाताओं के पास पहुंचे और जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्हें मतदाताओं से भरपूर सहयोग का आश्वासन मिला। इस दौरान उन्होंने वार्ड वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक 15 वर्षों में शहर का कोई भी विकास काम नहीं कर पाए खास तौर पर बालकों की सड़क की स्थिति खराब है जिसकी वजह से इस मार्ग में आए दिन सड़क हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने भाजपा की सरकार लाने व उन्हें आशीर्वाद देने की अपील करते हुए कहा कि यदि भाजपा की सरकार आती है तो निश्चित तौर पर ऊर्जाधानी व बालको नगर का चौमुखी विकास होगा l इस मौके पर भाजपा के अनुसांगी संगठन में शामिल संगठन बीएमएस के बालको सेक्टर 3 कार्यालय में बैठक किया गया, जहां लखन लाल देवांगन को बीएमसी के पदाधिकारी ने भरपूर समर्थन दिया है।