Uncategorized

होली की खरीदारी के लिए बाजार में बढ़ी भीड़, लाउडस्पीकर से यातायात पुलिस कर रही अपील, सड़क पर पार्किंग पर सख्ती और लॉक कार्रवाई

कोरबा। होली पर्व के मद्देनजर शहर के बाजार सजकर तैयार हो चुके हैं और खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने लगी है। जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आ रहा है, प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में रौनक बढ़ने के साथ यातायात का दबाव भी बढ़ गया है।खासकर पावर हाउस रोड और घंटाघर-निहारिका मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। कई लोग दुकानों में खरीदारी के लिए जाते समय अपने वाहन सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़ी कर रहे हैं, जिससे आमजन को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस की टीम लगातार व्यावसायिक क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर रही है। पुलिस अधिकारी लाउड स्पीकर के माध्यम से वाहन चालकों और नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ी नहीं करने की अपील कर रहे हैं।इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती बरती जा रही है। चेतावनी के बाद भी वाहन नहीं हटाने पर वाहनों के चक्कों में लॉक लगाया जा रहा है और चालान की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि त्योहार की खुशियों के बीच यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *