Uncategorized

वृद्ध की मौत के बाद अपने ही हो गए बेगाने, सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने कराया विधि विधान से अंतिम संस्कार

मानवता की मिसाल: इमलीडुग्गू निवासी था मृतक, ढेंगुरनाला मुक्तिधाम में किया गया कफन दफन, अस्पताल कर्मियों ने भी किया सहयोग

कोरबा। परिवारों में बढ़ती दूरियां की वजह से वृद्धजनों के लिए अपने बेगाने होने लगे हैं। लेकिन अक्सर ऐसे वृद्धजन की मौत की सूचना मिलने पर परिजन अंतिम संस्कार करने जरूर पहुंच जाते हैं। लेकिन शहर के इमलीडुग्गू में रहने वाले एक वृद्ध की मौत के बाद पुलिस के सूचना देने के बाद भी परिवार न तो मृत वृद्ध को देखने पहुंचा और न ही अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ। ऐसे में सिटी कोतवाली टीआई निरीक्षक अभिनवकांत सिंह ने पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा को इससे अवगत कराया। उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए ढेंगुरनाला मुक्तिधाम में मृत वृद्ध का विधि विधान से कफन दफन कर अंतिम संस्कर किया। जिसमें मेडिकल कॉलेज अस्पताल के कर्मचारियों ने भी सहयोग किया। आमतौर पर लावारिस लाश मिलने के मामले में पुलिस कफन दफन कराती है लेकिन यह मामला अलग था इसलिए इसे मानवता की मिसाल मानी जा रही है। क्योंकि पुलिस ने मृत व्यक्ति की आत्मा की शांति के लिए मुक्तिधाम में गड्‌ढा खुदवाकर पूरे विधि विधान से अंतिम संस्कार किया।

इतवारी बाजार में मिली थी लाश, 2 दिन किया इंतजार

सिटी कोतवाली में पदस्थ एएसआई अजय सिंह के मुताबिक नगर के इतवारी बाजार क्षेत्र में 65 वर्षीय वृद्ध की लाश गुरुवार की दोपहर लावारिस हालत में मिली थी। मृतक की पहचान इमलीडुग्गू निवासी राजेंद्र पांडेय के रूप में हुई। पुलिस ने परिजन को अवगत कराया तो उन्होंने बहानेबाजी की। पतासाजी में जानकारी मिली कि मृतक आदतन शराबी और दमा का रोगी था इसलिए परिवार ने उससे खुद को अलग कर लिया था। मृतक की लाश को मरच्यूरी में सुरक्षित रखा गया था। 2 दिन इंतजार के बाद भी परिजन जब अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने ही कफन दफन कराया है।