24 घंटे में कोरबा की सड़कों पर 3 जगह एक्सीडेंट, 3 लोगों की गई जान, 4 लोग गंभीर
दीपका में बस और पिकअप ने दोपहिया वाहनों को मारी ठोकर, कटघोरा हाइवे पर पिकअप से टकराई बाइक

कोरबा। जिले में शनिवार को सुबह से लेकर रात तक 24 घंटे के भीतर दीपका व कटघोरा थाना क्षेत्र में 3 अलग-अलग मार्ग पर तेजरफ्तार बस व पिकअप की ठोकर से दोपहिया वाहनों में सवार लोग चपेट में आ गए, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों के साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पहली घटना दीपका थाना अंतर्गत दीपका-पाली मुख्य मार्ग पर रैनपुर के पास शनिवार की सुबह करीब पौने 8 बजे हुई। जहां पर बिलासपुर से कोरबा आ रही विरक बस सर्विस के बस सीजी-10-जी-0601 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही बाइक सीजी-12-बीजे-3367 को टक्कर मार दी। बाइक में रतनपुर के बरपाली-धवलामुड़ा गांव निवासी सिक्योरिटी गार्ड नरेंद्र कुमार कोर्राम (33) अपने सहकर्मी धनेश्वर साय यादव (35) के साथ बतारी में एक निजी कंपनी से काम करके वापस घर लौट रहे थे। तेजरफ्तार बस की टक्कर से वे दोनों सड़क पर फेंका गए। सिर पर गंभीर चोट लगने से नरेंद्र कुमार की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक बस के नीचे फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई। घायल को दीपका स्वास्थ्य पहुंचाया गया जहां से उसे कटघोरा अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दूसरी घटना शाम करीब 5 बजे कुसमुंडा-दीपका मार्ग पर विजयनगर के पास हुई। जहां पर तेजरफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक में कुसमुंडा के चुनचुनी निवासी रविशंकर कंवर (30) व आदर्श नगर निवासी जयराम सिंह (45) दीपका जा रहे थे। उनमें से जयराम सिंह की मौके पर मौत हो गई, जबकि रविशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दीपका पुलिस ने दोनों मामले में मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई की।
तीसरी घटना कटघोरा थाना अंतर्गत शनिवार की रात करीब 10 बजे कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर तानाखार के पास हुई। पुलिस के मुताबिक कटघोरा से बांगो की ओर जा रही पिकअप जा रही थी। इस दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक तेजरफ्तार बाइक रॉग साइड में जाकर पिकअप से टकरा गई। घटना में बाइक समेत तीनों युवक फेंका गए। उनमें से एक की मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को कटघोरा अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।