ये क्या…इस कंपनी के कर्मचारी ही लगे थे कोयला चोरी करने में, ट्रेलर में 35 टन माल अफरा-तफरी करते पकड़ाए, पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत एसीबी इंडिया लिमिटेड की कोल वाशरी से कंपनी के कर्मचारी सुपरवाइजर, पीसी ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड समेत वाहन चालक कोयला की अफरा-तफरी में लगे थे। जो ट्रेलर में 35 टन कोयला भरकर कोल वाशरी से बाहर निकालने की तैयारी में थे तब सूचना पर प्रबंधक ने उन्हें पकड़ लिया।
कोल वाशरी के सहायक प्रबंधन ने दीपका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ट्रेलर क्रमांक सीजी-12-एडब्ल्यू-9002 में लगभग 35 टन कोयला लोड कर अफरा-तफरी की जा रही थी। सहायक प्रबंधक को इसकी सूचना मिली तो उसने इस मामले की जानकारी वरिष्ठ अफसरों को दी। बताया जाता है कि कंपनी में ही कार्यरत सुरक्षा गार्ड बलवंत सिंह व पीसी ऑपरेटर करमजीत, सुपरवाइजर रामकुमार किरण व ट्रेलर चालक ने मिलकर योजना बनाई थी। वे डेढ़ लाख रुपए कीमती लगभग 35 टन वजनी कोयले की अफरा-तफरी कर उसे ट्रेलर में लोड करवाकर खपाने के लिए वाशरी से बाहर निकालने की तैयारी में थे।लेकिन समय रहते मामले का पर्दाफाश हो गया। दीपका पुलिस ने इस मामले में चारों लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।