Uncategorized
मिनीमाता बांगो बांध फिर से छलका तो खोले गए 5 गेट: हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा 26,197 क्यूसेक पानी, तटीय इलाकों में अलर्ट

कोरबा। मिनीमाता बांगो बांध क्षेत्र में लगातार हो रही आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बांध के गेट खोल दिए हैं। बांगो बांध का जलस्तर 358.71 मीटर पहुंच गया है, जो कि अपनी कुल जल भराव क्षमता का 94.30 प्रतिशत है।
पानी के बढ़ते दबाव को ध्यान में रखते हुए मुख्य अभियंता (बिलासपुर) एवं अधीक्षण अभियंता (कोरबा) से चर्चा व अनुमति मिलने के बाद देर रात 12 बजे बांध के 5 रेडियल गेट खोले गए। विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार:
- गेट नंबर 6: 0.80 मीटर
- गेट नंबर 5 व 7: 0.60 – 0.60 मीटर
- गेट नंबर 4 व 8: 0.50 – 0.50 मीटर
(शेष गेट नंबर 1, 2, 3, 9, 10 एवं 11 को फिलहाल बंद रखा गया है।)
कुल 3 मीटर गेट ओपनिंग के माध्यम से रेडियल गेटों से 17,197 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा पॉवर प्लांट (हाइडल) के जरिए 9,000 क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है। इस प्रकार मिनीमाता बांगो बांध से हसदेव नदी में कुल 26,197 क्यूसेक पानी प्रवाहित किया जा रहा है, जबकि कैचमेंट एरिया से बांध में कुल 54,115 क्यूसेक पानी की आवक (Inflow) दर्ज की गई है।
कार्यपालन अभियंता (मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्र. 3, माचाडोली) ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हसदेव नदी के तटीय और निचले इलाकों में अलर्ट जारी करते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने व नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।


