Uncategorized

नेशनल हाईवे-130 पर मवेशियों का डेरा, हादसों में जा रही बेजुबानों की जान

पोड़ी से कटघोरा और चकचकवा तक सड़क पर लगभग 300 से अधिक मवेशी, आए दिन दुर्घटनाओं से वाहन चालक भी परेशान

कटघोरा। नेशनल हाईवे-130 पर मवेशियों का जमावड़ा लगातार गंभीर समस्या बनता जा रहा है। पोड़ी से कटघोरा होते हुए चकचकवा तक सड़क पर जगह-जगह गाय-बैल सहित बड़ी संख्या में मवेशी बैठे और घूमते नजर आते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर करीब 300 से अधिक मवेशी सड़क पर डेरा जमाए रहते हैं। खासकर शाम होते ही हाईवे पर इनकी संख्या बढ़ जाती है।

सड़क पर मवेशियों के बैठे रहने से आए दिन वाहन दुर्घटनाएं होने की स्थिति बनती रहती है। अचानक सड़क पर मवेशियों के आ जाने से वाहन चालक उन्हें बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाते हैं या वाहन को दूसरी दिशा में मोड़ते हैं। इससे कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन हादसों में जहां वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में रहती है, वहीं कई बेजुबान मवेशी भी वाहनों की चपेट में आकर घायल होने के साथ अपनी जान गंवा चुके हैं।

चकचकवा मेन चौक सहित हाईवे के कई हिस्सों में शाम के समय मवेशियों का झुंड सड़क पर बैठ जाता है। मेन चौक पर स्थिति और भी चिंताजनक बनी रहती है। हाईवे से प्रशासन के अधिकारी भी गुजरते हैं लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सड़क पर बैठे मवेशियों को हटाने और उनके पालकों की जिम्मेदारी तय करने की जरूरत बनी है

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई लोग गायों का उपयोग दूध प्राप्त करने सहित अपनी घरेलू जरूरतों के लिए करते हैं। उपयोग के दौरान उन्हें अपने घरों में रखते हैं, लेकिन बाद में इन्हीं गाय-बैलों को खुले में छोड़ दिया जाता है। भोजन और पानी की तलाश में वे हाईवे तक पहुंच जाते हैं और शाम होते ही सड़क पर डेरा जमा लेते हैं। पालकों की यह लापरवाही वाहन चालकों के साथ-साथ बेजुबान मवेशियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है।

oplus_1056

नागरिकों ने मांग की है कि खुले में मवेशी छोड़ने वाले पालकों की पहचान कर उनकी जिम्मेदारी तय की जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि केवल सड़क से मवेशियों को हटाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। जब तक मवेशियों को खुले में छोड़ने वाले पालकों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक हाईवे पर यह समस्या बनी रहेगी।

oplus_1056

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और संबंधित निकाय से तत्काल अभियान चलाकर हाईवे को मवेशियों के जमावड़े से मुक्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ बेजुबान मवेशियों की जान भी बचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *