भीषण गर्मी के बीच कोरबा में डिज्नीलैंड मेला बना प्रमुख आकर्षण, हाई-टेक झूलों और पारिवारिक मनोरंजन से उमड़ रही भीड़
कोरबा। भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों को राहत देने के लिए कोरबा के बुधवारी मैदान में सजा छत्तीसगढ़ी डिज्नीलैंड मेला इन दिनों प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। दिनभर की तेज गर्मी के बाद शाम होते ही लोग बड़ी संख्या में अपने परिवार और दोस्तों के साथ मेले में पहुंचकर मनोरंजन का आनंद ले रहे हैं।
मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के लोगों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे यह आयोजन पूरी तरह पारिवारिक माहौल में संचालित हो रहा है। खासकर युवाओं के बीच हाई-टेक और रोमांचक झूलों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। टोरा-टोरा, ब्रेक डांस, टावर झूला, विशाल नाव झूला और जायंट फ्रिसबी जैसे झूले लोगों को रोमांच से भर रहे हैं, वहीं गुड़िया मारुति सर्कस भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

छोटे बच्चों के लिए मिकी माउस, मिनी ट्रेन, जंपिंग जैक, ड्रैगन ट्रेन और वाटर बोटिंग जैसी सुरक्षित और मनोरंजक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे परिवारों के साथ आए बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मेले में लगे मीना बाजार में देशभर के हस्तशिल्प और विभिन्न प्रकार के सामानों की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। लोग खरीदारी के साथ-साथ मेले की रौनक का भी भरपूर आनंद उठा रहे हैं।

मेला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए गए हैं। आगंतुकों से अपील की गई है कि झूलों का उपयोग करते समय सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें। नशे की हालत में झूले पर न बैठें तथा सेफ्टी लॉक का ध्यान रखें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
यह मेला प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से रात 10:00 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहता है। प्रवेश शुल्क और झूलों की दरें किफायती रखी गई हैं, जिससे हर वर्ग का व्यक्ति यहां आकर अपनी शाम को खुशनुमा बना सके। आयोजकों ने इसे पूर्णतः पारिवारिक आयोजन बताते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।



