कोरबा को मिली 22 अत्याधुनिक Dial-112 गाड़ियां, अब आपात स्थिति में मिलेगी और तेज मदद

कोरबा। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कोरबा को “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा के तहत 22 अत्याधुनिक वाहन प्राप्त हुए हैं। इन वाहनों का शुभारंभ आज किया गया, जिससे जिले में आपातकालीन सेवाओं की गति और प्रभावशीलता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

प्रदेश स्तर पर रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 33 जिलों के लिए 400 से अधिक आधुनिक डायल-112 वाहन और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी क्रम में कोरबा जिले को भी ये नई सुविधा मिली है।
इन आधुनिक वाहनों को जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटना, मेडिकल इमरजेंसी, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सहित हर प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

तकनीकी रूप से सुसज्जित इन वाहनों में स्मार्टफोन, GPS, वायरलेस रेडियो, PTZ कैमरा, डैश कैमरा, मोबाइल NVR और सोलर बैकअप जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इससे घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रीयल-टाइम ट्रैकिंग और तेज संचार संभव होगा।
Dial-112 सेवा 24×7 आम जनता के लिए उपलब्ध रहेगी। नागरिक अब केवल कॉल ही नहीं, बल्कि SMS, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
इस सेवा को मजबूत करने के लिए कोरबा जिले के 24 अधिकारी एवं कर्मचारी रायपुर में प्रशिक्षण और वाहन प्राप्ति कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला पुलिस प्रशासन ने राज्य शासन का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया है कि हर संकट की घड़ी में त्वरित और प्रभावी सहायता सुनिश्चित की जाएगी।
यह पहल छत्तीसगढ़ को “सुरक्षित, संवेदनशील और सशक्त” बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



