तकनीकी खराबी से रुका महतारी वंदन पोर्टल, शाम तक शुरू होने की संभावना — 30 जून तक निःशुल्क ई-केवाईसी जारी

कोरबा/महतारी वंदन योजना के अंतर्गत आज तकनीकी खराबी के कारण वेबसाइट अस्थायी रूप से बंद हो गई है, जिससे हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य प्रभावित हुआ है। जानकारी के अनुसार वेबसाइट दोपहर बाद या शाम तक पुनः शुरू होने की संभावना है।
इस बीच, सभी पात्र हितग्राहियों को सूचित किया गया है कि शासन के निर्देशानुसार 30 जून 2026 तक जिले के चिन्हांकित सी.एस.सी. केंद्रों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की आईडी के माध्यम से ई-केवाईसी का कार्य व्हीएलई एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा निःशुल्क किया जाएगा।
ई-केवाईसी की सुविधा के लिए सभी चॉइस/सी.एस.सी. केंद्रों में लैपटॉप एवं बायोमेट्रिक डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। योजना के तहत कार्य कर रहे सीएससी-व्हीएलई को सीएससी-एसपीव्ही कार्यालय रायपुर के माध्यम से प्रति पूर्ण कार्य 9.84 रुपये का कमीशन सीधे उनके बैंक खाते में दिया जाएगा।
हितग्राही अपना ई-केवाईसी आधार कार्ड एवं महतारी वंदन योजना पंजीयन आईडी के साथ नजदीकी सी.एस.सी. केंद्र में जाकर करवा सकते हैं। इसके लिए किसी प्रकार के प्रिंटआउट या आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करने की आवश्यकता नहीं है।
अपनी महतारी वंदन योजना आईडी की जानकारी के लिए हितग्राही अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं। योजना से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए 8085190563 अथवा 7828183048 नंबर पर व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।


