Uncategorized

कोरबा में दर्दनाक हादसा: निर्माण कार्य के दौरान दीवार ढही, मासूम की मौत, दो युवक गंभीर

कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण वन बस्ती में शुक्रवार शाम लगभग 6.10 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। किसी व्यक्ति द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन के धक्के से एक पक्की दीवार गली की ओर गिर पड़ी। हादसे में एक मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस्ती में एक मकान के पास निर्माण कार्य कराया जा रहा था। दीवार के समीप जेसीबी मशीन से मलबा हटाने और जमीन समतल करने का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन का तेज झटका लगने से दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। उस समय गली से गुजर रहे लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में डेढ़ वर्षीय धनेश कर्ष (पिता–मुकेश कर्ष) की मौके पर ही दुखद मृत्यु हो गई। वहीं विशाल यादव (20 वर्ष) और संजीव कुमार (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए और निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *