Uncategorized

रात की ड्यूटी पर निकला था दीपेंद्र, सुबह लौटी मौत की खबर — सीपेट के पास अज्ञात वाहन ने बुझाया घर का इकलौता चिराग

कोरबा। इंसान की किस्मत और वक्त कब दगा दे जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। कटघोरा क्षेत्र के बरपाली गांव का एक छोटा सा घर बीती रात मातम में बदल गया। घर का इकलौता सहारा, 26 वर्षीय दीपेंद्र पटेल, जो अपने परिवार का पेट पालने के लिए रोज की तरह रात की ड्यूटी पर निकला था, अब कभी वापस नहीं लौटेगा।
मिली जानकारी के अनुसार दीपेंद्र पटेल सीएसईबी (CSEB) पावर प्लांट में सुरक्षा गार्ड के पद पर पदस्थ था। मंगलवार रात करीब 10 बजे खाना खाकर उसने मां-बाप से कहा – “ड्यूटी जा रहा हूँ”, लेकिन सीपेट (CIPET) के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपेंद्र का चेहरा और सीना बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर खून से लथपथ युवक और क्षतिग्रस्त बाइक देखकर राहगीरों ने तुरंत डायल 112 और दर्री पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दीपेंद्र की सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने जब शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी तो घर में कोहराम मच गया। जिस बेटे के सुबह लौटने का इंतजार था, उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। जिला मेडिकल कॉलेज के शवगृह के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दीपेंद्र अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी नौकरी से ही माता-पिता और घर का खर्च चलता था। अब उसके जाने से परिवार बेसहारा हो गया है। परिजनों का एक ही सवाल है —“अब हमारा क्या होगा?”

दर्री पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार यह हिट एंड रन का मामला है। टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *