इस तरह 5 साल बाद मिला सलमा सुल्तान का नर कंकाल, कोरबा पुलिस को मिली बड़ी सफलता
न्यूज़ एंकर सलमा सुल्ताना की हत्या का मामला, आगे खुलेंगे और भी राज

कोरबा। कोरबा-पश्चिम कुसमुंडा क्षेत्र में निवासरत न्यूज़ एंकर सलमा सुल्ताना की 5 साल पूर्व हुई हत्या के मामले में आखिरकार पुलिस की टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक यू. उदय किरण के निर्देश पर दर्री सीएसपी आईपीएस रॉबिंसन गुड़िया व उनकी पूरी टीम मंगलवार को लापता न्यूज़ एंकर सलमा सुल्ताना के नर कंकाल को खोजने के लिए कोरबा-दर्री मुख्य मार्ग में जेसीबी और पोकलेन लगाकर सुबह से प्रयास में जुटी हुई थी। आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और देर शाम पुलिस ने लापता न्यूज़ एंकर सलमा सुल्ताना के नर कंकाल को बरामद कर लिया है।



पीछा छुड़ाने की हत्या फिर दृश्यम फिल्म की तरह दफनाया शव, राजदार ने नशे में उगला राज
लापता मानी जा रही न्यूज एंकर सलमा की गुमशुदगी और हत्या का राज कोरबा पुलिस ने खासी मेहनत कर किया। मामले में पुलिस ने एंकर सलमा सुल्ताना के प्रेमी जिम संचालक मधुर साहू और उसके दो साथी को गिरफ्तार किया था। दरअसल जिम संचालक मधुर साहू ने न्यूज एंकर सलमा सुल्तान को अपने प्रेम जाल में फंसाया था। सलमा ने जब शादी का दबाव बनाया तो उससे पीछा छुड़ाने के लिए 21 अक्टूबर 2018 को कोतवाली थाना क्षेत्र में मौजूद शारदा विहार के उसके घर में चुनरी में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के वक्त मधुर साहू का साथ उसके साथी जिम ट्रेनर कौशल श्रीवास ने दिया। हत्या के बाद उसके शव को एक अन्य आरोपी अतुल शर्मा के मदद से कोहडिया पुल के पास सड़क के किनारे दफना दिया गया था। घटनाक्रम दृश्यम फिल्म की तरह नजर आया। मामले में मधुर साहू के राजदार के नशे में राज उगलने के बाद हत्याकांड की चर्चा सामने आई और पुलिस की मेहनत से मामले को सुलझाने में सफलता भी मिली।

आगे नर कंकाल की होगी डीएनए टेस्ट
मामले के जांच अधिकरी और प्रशिक्षु आईपीएस रॉबिन्सन गुड़िया ने जयवीरु न्यूज को बताया कि सलमा सुल्ताना मामले में कुछ अवशेष बरामद हुए हैं उनमे से कंकाल का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। जबकि कपड़े और चप्पल की पहचान परिजन से कराई जाएगी।