आज भी शहरवासियों को पेयजल की समस्या से नहीं मिली निजात, आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तो लोगों की समस्या होगी दूर: विशाल

कोरबा। जिले में विधानसभा चुनाव के सबसे हॉट सीट कोरबा में प्रत्याशियों द्वारा जोर-शोर से प्रचार प्रसार किया जा रहा है। इस कड़ी में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी विशाल खेलकर भी अपने पक्ष में जमकर माहौल बना रहे हैं और शहर विभिन्न वार्डों में भ्रमण कर जनता से सीधे मुलाकात करके अपने पक्ष में मतदान के लिए जागरुक कर रहे हैं। इस कड़ी में उन्होंने आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 75 साल बीत जाने के बाद भी आज तक कोरबा की जनता प्रदूषित जल पीने के लिए मजबूर हैं। लोगों के घरों तक पानी की पाइप तो पहुंच चुकी है लेकिन पानी नसीब नहीं हो रहा है, इससे सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार किस तरह काम कर रही है। शहरवासियों को आज भी पेयजल की समस्या से निजात नहीं मिली है तो ग्रामीण क्षेत्र का हाल और कितना बड़ा हो सकता है यह समझ जा सकता है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो निश्चित तौर पर आने वाले दिनों में लोगों की समस्या दूर हो जाएगी और शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में बसने वाले लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराई जाएगी।
