सड़क सुरक्षा माह में यातायात पुलिस की अनोखी पहल, नियम मानने वालों को गुलाब देकर किया सम्मान

कोरबा। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत शहर में यातायात पुलिस द्वारा एक अनोखा और सकारात्मक संदेश देने वाला अभियान चलाया गया। टीपी नगर चौक स्थित यातायात थाना के पास शुक्रवार को आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अभियान का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के बजाय प्रेरणा के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने पर प्रोत्साहित किया गया, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
मौके पर मौजूद यातायात एएसआई मनोज राठौर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग कई बार जीवन रक्षक साबित होता है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिख समुदाय के लोगों को धार्मिक कारणों से हेलमेट पहनने में छूट है, लेकिन अन्य सभी दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य है।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालक मौजूद रहे और यातायात पुलिस की इस पहल की सराहना की। पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर समाज में व्यापक जागरूकता लाई जा सके।


