दो रातों तक जागकर जांच में जुटी थी पुलिस टीम, तब मिली सफलता
मामला कटघोरा से 5 लाख रुपए की उठाईगिरी का, रिटायर्ड सीआईएसएफ सब इंस्पेक्टर ठीक अब मनेगी दिवाली, शातिर गिरोह 5 जिलों में कर चुके थे वारदात, बैंक से रेकी कर बनाते थे शिकार, कोरबा पुलिस की जाल में फंस गए

कोरबा। सोमवार को कटघोरा नगर से सीआईएसएफ के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के मोटरसाइकिल की डिक्की से 5 लाख रुपए की उठाईगिरी की घटना हुई थी।कोरबा पुलिस की टीम ने इस उठाई गिरी के मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। वारदात को अंजाम देने वाले पत्थलगांव के नट गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से पुलिस ने पार की गई रकम में 4 लाख 90 हजार रुपए बरामद कर ली। जबकि इस मामले में फरार एक आरोपी को बलरामपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है जिसे जल्द ही कोरबा पुलिस गिरफ्तार कर लाएगी। उल्लेखनीय है कि कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत निवास करने वाले सीआईएसएफ के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर कल्याण सिंह पैकरा सोमवार को स्टेट बैंक कटघोरा पहुंचे थे, जहां मकान बनाने के लिए उन्होंने 5 लाख की राशि आहरण की थी। उक्त राशि को मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर मेडिकल स्टोर कटघोरा पहुंचे थे। जहां दवाई लेने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की से मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश डिक्की से 5 लाख रुपए की राशि निकाल ली थी। वारदात के होते ही जिला पुलिस की टीम हरकत में आई थी। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में कटघोरा थाना प्रभारी अश्वनी राठौर, साइबर सेल प्रभारी कृष्णा साहू व उनकी पूरी टीम पिछले 3 दिनों से आरोपियों की धरपकड़ के लिए दिन और रात प्रयास में जुटी हुई थी। इस बीच सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उठाईगिरी करने वाले आरोपियों के बारे में सुराग मिला। पता चला कि पत्थलगांव के नट गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है। जिसके बाद पुलिस की टीम ने पत्थलगांव में दबिश दी और वारदात को अंजाम देने वाले दीपक कुमार नट पिता जीवनलाल को गिरफ्तार किया। आरोपी से रकम व वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद किया गया। जांच में लगी हुई इसकी टीम लगातार दो रातों से जागते हुए मामले को सुलाने में जुटी थी, एडिशनल एसपी अभिषेक वर्मा लगातार टीम को गाइड करने में लगे थे।
त्योहारी सीजन में पुलिस अलर्ट, स्वयं भी रहें सतर्क एडिशनल एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि दिवाली के त्योहारी सीजन में अपराधियों पर लगाम कसने पुलिस अलर्ट है। बैंकों, बाजार समिति भीड़भाड़ वाले जगहों पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है संदिग्ध नजर आने पर पकड़कर पूछताछ भी की जा रही है। उन्होंने बोनस का दौर शुरू होने के बाद लोगों से भी सतर्क रहने और अपने आसपास किसी संदिग्ध के नजर आने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की है।