39 वर्षों की निष्ठापूर्ण सेवा के बाद एएसआई गीलेट बिन कुमार सेवानिवृत्त, बांगो थाना में भावनात्मक विदाई
पोड़ी उपरोड़ा।बांगो थाना पुलिस विभाग में निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ सेवा देने वाले सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) गीलेट बिन कुमार आज 31 दिसंबर 2025 को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए।

उनके सम्मान में बांगो थाना परिसर में एक भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जहां पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी।
एएसआई गीलेट बिन कुमार का जन्म 31 दिसंबर 1963 को हुआ था।

उन्होंने वर्ष 1986 में छत्तीसगढ़ पुलिस बल में सिपाही के रूप में अपने सेवाकाल की शुरुआत की। अपने ईमानदार कार्य, अनुशासन और मेहनत के बल पर उन्होंने विभाग में निरंतर प्रगति की और लगभग 10 वर्षों तक प्रधान आरक्षक के पद पर सेवाएं दीं। इसके पश्चात वर्ष 2018 में उन्हें सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदोन्नति मिली, जहां से उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल का समापन किया।

अपने लगभग 39 वर्षों के सेवाकाल में एएसआई गीलेट बिन कुमार ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में पदस्थ रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनसेवा तथा पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे अपने शांत स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और सहयोगी व्यवहार के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने कहा कि एएसआई गीलेट बिन कुमार जैसे अनुभवी और समर्पित अधिकारी पुलिस विभाग की असली ताकत होते हैं। उनका मार्गदर्शन युवा पुलिसकर्मियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
सेवानिवृत्ति के उपरांत एएसआई गीलेट बिन कुमार अब अपना शेष जीवन परिवार के साथ व्यतीत करेंगे। इस अवसर पर बांगो पुलिस परिवार की ओर से उन्हें स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
