पिस्टल-कारतूस के साथ बिहार का युवक गिरफ्तार, युवती से मिलने पहुंचा था कोरबा, फ्री फायर गेम से हुई थी दोस्ती
News by: हरेंद्र डिक्सेना, जिला ब्यूरो चीफ, जयवीरू न्यूज
कोरबा/ पुलिस ने बिहार के एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। युवक यहां एक युवती से मिलने आया था जिससे उसकी पहचान ऑनलाइन गेम फ्री फायर के जरिए हुई थी। पुलिस ने युवक के साथ होटल संचालक को भी हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक सिविल लाइन थाना क्षेत्र में युवक के हथियार लेकर घूमने की सूचना मिली थी। पथरीपारा इलाके से पकड़े गए आरोपी के पास से पिस्टल और कई कारतूस मिले। जांच में पता चला कि कारतूस उसके जूते में भी छिपाए गए थे। आरोपी की पहचान राहुल सिंह, निवासी सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में हुई है। राहुल श्रीराम डोमेट्री होटल, कमरा नंबर 103 में ठहरा हुआ था। होटल की तलाशी में और भी कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार वह पिछले छह दिनों से वहीं रह रहा था।
पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसकी दोस्ती कोरबा की एक युवती से फ्री फायर गेम खेलते समय हुई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई। युवती कई बार उससे होटल में मिलने पहुंची थी। होटल संचालक बबलू यादव पर भी कार्रवाई की गई है, क्योंकि उसने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही रजिस्टर में आरोपी का कोई रिकॉर्ड दर्ज किया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि आरोपी राहुल के खिलाफ बिहार में भी कई मामले दर्ज हैं और वह आदतन अपराधी है। साथ ही उन्होंने होटल संचालकों व मकान मालिकों को सख्त चेतावनी दी कि बाहर से आने वालों की जानकारी पुलिस को अनिवार्य रूप से दें, अन्यथा कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।