कोरबा

निलंबित ठेका कर्मियों की बहाली के बाद खत्म हुई हड़ताल 

बालको संयंत्र में निजी ठेका कंपनी केआईपीएल में सुरक्षा उपकरण की मांग करने पर प्रबंधन ने कर दिया था दो कर्मियों को निलंबित, सोमवार देर रात से मंगलवार दोपहर तक चली हड़ताल 

 

कोरबा। बालको संयंत्र में कार्यरत एक निजी ठेका कंपनी के कर्मियों को सुरक्षा के उपकरण व अन्य संसाधन की मैनेजर से डिमांड करना महंगा पड़ गया। जैसे ही वह इसकी मांग कर वापस लौटे उन्हें पता चला कि उन्हें प्रबंधन ने सस्पेंड कर दिया है। फिर क्या था यह बात पूरे प्लांट में आग की तरह फैली और बीएमएस के नेतृत्व में ठेका श्रमिकों ने 23 जनवरी की देर शाम को टूल डाउन कर दिया। जिसकी वजह से संयंत्र का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो गया। ठेका श्रमिकों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रबंधन के हाथ पांव फूल गए और उन्होंने दो ठेका श्रमिक जिन्हें सस्पेंड किया गया था उनकी तत्काल बहाली की तब जाकर हड़ताल समाप्त किया गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बालको पॉवर प्लांट में केआईपीएल नामक ठेका कंपनी काम करती है। उक्त कंपनी में रवि आदिले व राजाराम नामक ठेका कर्मी भी काम करते हैं। बताया जाता है कि सोमवार को दोनों कर्मी ठेका कंपनी के मैनेजर के पास सेफ्टी के उपकरण व अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर गए हुए थे। इस दौरान ठेका कमी व मैनेजर के बीच कहासुनी हुई थी। ठेका कर्मी जैसे ही कार्यालय से बाहर निकले कुछ देर बाद उन्हें पता चला कि ठेका कंपनी ने दोनों कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। ठेका कर्मियों ने इसकी जानकारी बीएमएस के पदाधिकारियों को दी और यह बात पूरे बालको प्लांट में फैल गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि बीएमएस कार्यकारी अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में ठेका श्रमिकों ने आंदोलन का शंखनाद कर दिया और टूल डाउन कर दिया। इस हड़ताल ने अगले दिन मंगलवार को और विकराल रूप ले लिया जिसकी वजह से बालको संयंत्र के विभिन्न साइटों का कामकाज बुरी तरह प्रभावित होने लगा। बताया जाता है कि दोपहर लगभग 1.30 बजे बालको प्रबंधन की ओर से एचआर मैनेजर मनोज पांडे सहित अन्य अधिकारी व पुलिस के अफसर प्लांट पहुंचे। जहां बीएमएस के कार्यकारी अध्यक्ष संजीव शर्मा, हरीश सोनवानी, शरद नायर, आशीष कुंभकार को मौके पर तलब किया गया जहां प्रबंधन व बीएमएस के पदाधिकारियों के बीच बातचीत की गई। जहां प्रबंधन ने निलंबित किए गए केआईपीएल के दोनों ठेका श्रमिक रवि आदिले व राजाराम का सस्पेंशन रद्द किया तब जाकर आंदोलन समाप्त किया गया। बताया जाता है कि अब बुधवार की सुबह 11 बजे बीएमएस और प्रबंधन के बीच वार्ता होगी और विभिन्न मुद्दों को लेकर चर्चा की जाएगी।