जिला अस्पताल परिसर में बन रहा ओपीडी रजिस्ट्रेशन सह वेटिंग एरिया, 500 लोगों के बैठने की होगी व्यवस्था

मरीजों की संख्या बढ़ने पर किया जा रहा है निर्माण, शिफ्टिंग के बाद अस्पताल का मुख्य दरवाजा खुलेगा
कोरबा। जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल बनने के बाद सुविधाएं बढ़ने से ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले जहां ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 300 मरीज पहुंचते थे जो अब तीन गुना से अधिक हो चुके हैं। ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी से अस्पताल में व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। रजिस्ट्रेशन कक्ष के सामने पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण अस्पताल के मुख्य दरवाजे को पूरी तरह से बंद करना पड़ा। अब वहां मरीजों व उनके परिजन के लिए वेटिंग एरिया बनाया गया है।

मरीज व उनके परिजन पुराने आपातकालीन गेट से अस्पताल में पहुंचते हैं लेकिन ओपीडी की टाइमिंग में सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक उस एरिया में भीड़ होने से आवाजाही में परेशानी होती है। जिसके मद्देनजर भेजे गए प्रस्ताव पर स्वीकृति के बाद नगर निगम द्वारा अस्पताल परिसर में बाहर ओपीडी रजिस्ट्रेशन कक्ष सह वेटिंग एरिया का निर्माण किया जा रहा है। जहां 500 लोगों की बैठने की व्यवस्था भी रहेगी जिससे
मरीज व उनके परिजन बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगे।

सर्वसुविधायुक्त वेटिंग हॉल होगा तैयार
पुलिस सहायता केंद्र के पीछे निर्माणाधीन ओपीडी रजिस्ट्रेशन कक्ष सह वेटिंग एरिया के लिए सर्वसुविधायुक्त हॉल तैयार किया जाएगा। जहां बैठने के लिए 500 सीट क्षमता होगी और हर सीजन के हिसाब से मरीजों के लिए सुविधा रहेगी। पास ही पार्किंग होने से मरीज असानी से ओपीडी रजिस्ट्रेशन कक्ष सह वेटिंग एरिया में पहुंचेंगे। जहां ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से नंबर आने पर आगे संबंधित विभाग में इलाज कराने जाएंगे।

पुराने भवन-ट्रामा सेंटर तक बनेगा शेड
नए ओपीडी रजिस्ट्रेशन कक्ष सह वेटिंग हॉल से मरीज पुराने भवन व ट्रामा सेंटर में संचालित संबंधित ओपीडी डिपार्टमेंट तक आराम से पहुंचे और मौसम की मार न झेलनी पड़े इसके लिए शेड बनाया जाएगा। रजिस्ट्रेशन कक्ष में ही बीमारी से संबंधित ओपीडी डिपार्टमेंट का लोकेशन बताया जाएगा जहां से सीधे मरीज वहां पहुंचेंगे। चलने में अस्मर्थ होने पर मरीजों के लिए व्हील चेयर की भी व्यवस्था रहेगी।

नया ओपीडी रजिस्ट्रेशन कक्ष से मिलेगी राहत
संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. गोपाल कंवर के मुताबिक अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी के पीछे नया ओपीडी रजिस्ट्रेशन कक्ष सह प्रतीक्षालय का निर्माण हो रहा है। नया ओपीडी सर्वसुविधायुक्त होगा, जहां मरीजों को रजिस्ट्रेशन के साथ ही सभी जानकारी मिलेगी। वहां से सीधे मरीज इलाज के लिए संबंधित विभाग के कक्ष में पहुंचेंगे। जिससे पुराने भवन में अनावश्यक भीड़ नहीं होगी, मरीजों को भी राहत मिलेगी।

