अफवाहों पर जिला प्रशासन सख्त: दिन में घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण व ब्लैक मार्केटिंग पर कलेक्टर ने दिए सख्त कार्यवाही का निर्देश , शाम को होटलों में छापेमारी शुरू

News by: हरेंद्र डिक्सेना, जिला ब्यूरो चीफ, जयवीरू न्यूज
कोरबा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष को लेकर रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी संबंधी अफवाहों के बीच जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गैस एजेंसियों की बैठक लेकर स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। साथ ही अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग और अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

कलेक्टर ने निर्देश दिया कि गैस सिलेंडरों की डिलीवरी बुकिंग डेट के अनुक्रम और फर्स्ट कम-फर्स्ट सर्व के आधार पर की जाए तथा हर डिलीवरी ओटीपी ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ही दी जाए। बिना ओटीपी के सिलेंडर की डिलीवरी नहीं होगी। साथ ही उपभोक्ताओं को 25 दिनों से पहले दूसरा सिलेंडर जारी नहीं किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी गैस एजेंसियां प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य शाखा को उपलब्ध कराएं और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें। स्कूल, आश्रम, छात्रावास और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसी बीच घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर कार्रवाई करते हुए राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल सेंटर प्वाइंट में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में व्यावसायिक उपयोग के लिए 6 घरेलू गैस सिलेंडर (3 भरे और 3 खाली) पाए गए, जो नियमों का उल्लंघन है। टीम ने सिलेंडरों को जब्त कर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी से जुड़ी भ्रामक खबरों और अफवाहों पर विश्वास न करें। जिले में घरेलू एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से केवल अधिकृत स्रोतों से ही जानकारी लेने और अनावश्यक रूप से गैस या ईंधन का भंडारण न करने की अपील की है।

