Uncategorized

उत्पाती युवक को सबक सिखाना दीपका थाना के दो एएसआई को पड़ा महंगा, वीडियो वायरल होने पर एसपी ने किया निलंबित 

कोरबा। गणेश उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने अपनी बाइक से स्टंटबाजी कर उत्पात मचाते हुए महिलाओं को परेशान किया। सूचना पर दीपका थाना के दो एएसआई पहुंचे और उसे पकड़कर सबक सिखाया। लेकिन इस दौरान मोबाइल से बनाई गई वीडियो वायरल हो गई और एसपी ने दोनों एएसआई को निलंबित कर दिया।

 

दीपका थाना क्षेत्र के गेवरा स्टेडियम में बुधवार को गणेश उत्सव के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जहां दर्शक दीर्घा में कोई वाहन लेकर न पहुंचे और व्यवधान उत्पन्न हो, इसके लिए बेरिकेटिंग की गई थी। इस दौरान एक युवक अपनी मॉडिफाई बाइक को लेकर अनाधिकृत रूप से अंदर घुस गया। जहां वह विशेष लाइट जलाकर तेज बजने वाले सायलेंसर को बजाते हुए स्टंटबाजी करते हुए उत्पात मचाने लगा। परेशान लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। तब रात करीब 11 बजे थे। उत्पाती युवक को पकड़ने दीपका थाना से एएसआई द्वय जितेश सिंह व खगेश राठौर वहां पहुंचे। उन्होंने किसी तरह उत्पाती युवक को पकड़ा। उद्दंडता के साथ व्यवस्था का उल्लंघन करने पर युवक की जमकर खातिरदारी की गई। उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 5 हजार का जुर्माना भी किया गया। इस दौरान दर्शक दीर्घा में मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाई। जिसे किसी ने सोशल मीडिया में वायरल किर दिया। वायरल वीडियो मंत्री तक पहुंच गया तो मामले में पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई का निर्देश जारी हुआ। जिसके तहत शनिवार को एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने एएसआई द्वय जितेश सिंह व खगेश राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

युवक की उत्पात से कई लोग चपेट में आने से बचे

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उपस्थित स्थानीय लोगों ने बताया कि उत्पाती युवक नशे में लग रहा था जो कार्यक्रम स्थल स्टेडियम परिसर में तेजरफ्तार और सायलेंसर के तेज आवाज के साथ बाइक चलाते हुए स्टंटबाजी कर रहा था। इस दौरान वहां मौजूद कई लोग उसके बाइक की चपेट में आने से बच गए। तीन बच्चे तो बाइक से दबने से बाल-बाल बच गए। लोगों ने उत्पाती युवक को सबक सीखाने वाले पुलिस कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई को गलत बताया है।

रोकने के दौरान हमारे ऊपर बाइक चढ़ाने की कोशिश 

एएसआई द्वय जितेश सिंह व खगेश राठौर से मामले के संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि वह कार्यक्रम स्थल पर तेजरफ्तार व सायलेंसर से तेज आवाज निकालते हुए बाइक चलाकर लोगों को परेशान कर रहा था। महिलाओं व बच्चों के परेशान होने की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे थे। जहां युवक को रोकने की कोशिश करने पर वह हमारे ऊपर ही बाइक चढ़ाने की कोशिश कर रहा था। तब उसे सबक सीखाने के कड़ाई दिखाई गई। विधिवत कार्रवाई भी की गई थी।