Uncategorized

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टर बने भगवान: खेलते हुए बच्चे के नाक में घुसा बैटरी, एंडोस्कोपी सर्जरी कर बचा ली गई जान 

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया गया जटिल ऑपरेशन, बच्चे की हालत खतरे से बाहर 

कोरबा। शहर में मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल में कई चिकित्सा विभाग में जटिल ऑपरेशन होने लगे हैं जिससे समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से लोगों की जान बच रही है। ऐसा ही एक जटिल ऑपरेशन ईएनटी सर्जन डॉ. हरवंश के नेतृत्व में उनकी टीम ने किया और 4 साल के बच्चे की जान बचा ली। दरअसल बच्चे ने खेल-खेल में हाथ घड़ी के बैटरी को अपने हाथों से नाक में घुसा लिया। तब पता नहीं चला लेकिन जब बाद में सांस लेने में बच्चे को परेशानी होने लगी तो परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। जहां जांच करने पर ईएनटी सर्जन डॉ. हरवंश ने नाक के अंदर बैटरी होना पाया। जो धीरे-धीरे गलने लगा था। कुछ दिन और विलंब होने से ज्यादा गल कर शरीर के और अंग को नुकसान पहुंचा सकता था। ऐसे में उन्होंने अपने स्टाफ की मदद से एंडोस्कोपी सर्जरी करके बैटरी को बाहर निकाला। अभी बच्चे की हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।

बच्चों के पास न छोड़े छोटे सामान, रखें ध्यान

मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. गोपाल कंवर के मुताबिक बच्चे के नाक के अंदर से छोटी सी बैटरी निकालने के लिए किया गया ऑपरेशन जटिल ऑपरेशन था। अभी बच्चे की हालत में सुधार है और जल्द स्वस्थ हो जाएगा। सभी माता-पिता को ध्यान रखना चाहिए की बच्चों के आस-पास ऐसे छोटे-छोटे सामान न छोड़े और न ऐसे किसी सामान से उन्हें खेलने दे, खेलते समय बच्चों का ध्यान रखें।