बालकोनगर में पार्षद ने दिया झटका, भाजपा के गंगाराम गमछा पहनकर कांग्रेस के हो गए

कोरबा। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक गर्मी बढ़ने लगी है। पार्टी में प्रवेश के साथ ही रीति नीति से प्रभावित होकर एक पार्टी से दूसरे पार्टी में प्रवेश करने वाले नेताओं का दौर भी बढ़ने लगा है। भाजपा जहां बालकोनगर से मजबूती दिखा रही थी वहीं से भाजपा के पार्षद गंगाराम भारद्वाज ने पार्टी को झटका देते हुए कांग्रेस में प्रवेश कर लिया। कोरबा विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी जयसिंह अग्रवाल के बालकोनगर में जनसंपर्क अभियान के दौरान आज नेहरूनगर में स्वयं जयसिंह अग्रवाल ने कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्षद गंगाराम भारद्वाज का कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया। पार्षद गंगाराम भारद्वाज बालकोनगर के वार्ड क्रमांक 37 पाड़ीमार क्षेत्र के पार्षद गंगाराम है। वे भाजपा के मजबूत पार्षद में से एक थे।
पट्टा वितरण से प्रभावित होकर परिवर्तन
पार्षद गंगाराम भारद्वाज ने कांग्रेस प्रवेश लेने के बाद कहा कि जब कांग्रेस सरकार ने झुग्गी बस्तियों में रहने वाले गरीबों को पट्टा बांट दिया तब इस बात का मेरे मन और मस्तिष्क पर गहरा प्रभाव पड़ा। यह एहसास हुआ कि जो काम भाजपा ने 15 साल में नहीं किया वह काम जयसिंह अग्रवाल के राजस्व मंत्री रहते कांग्रेस सरकार ने कर दिया। गरीबों को उनका हक दिलवा दिया। कोरबा में ऐसे लोगों की कमी नहीं है जो सरकारी व उपक्रमों की जमीन पर झुग्गी झोपड़ी बनाकर निवास करते हैं। ऐसे लोगों की सुध लेने के कारण ही मेरा हृदय परिवर्तन हो गया और काग्रेस पार्टी में प्रवेश हो गया।