8 माह पहले मोबाइल दुकान में चोरी, दो आरोपियों को रजगामार पुलिस ने किया गिरफ्तार

कोरबा। रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोरकोमा स्थित एक मोबाइल दुकान में 8 माह पहले चोरों ने धावा बोलकर मोबाइल की चोरी कर ली गई थी। इस चोरी के मामले में पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की छानबीन में जुटी हुई थी। इस बीच पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने चौकी प्रभारी राजेश चंद्रवंशी को मामले को निराकरण करने का निर्देश दिया था। चौकी प्रभारी राजेश चंद्रवंशी मामले की छानबीन में जुटे हुए थे। इस बीच उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का मोबाइल कटघोरा क्षेत्र में संचालित हो रहा है। उसके आधार पर पुलिस की टीम कटघोरा पहुंची। पुलिस ने चोरी के मामले में अर्जुन गिरी गोस्वामी पिता बृजलाल गोस्वामी, मंगल गिरी गोस्वामी पिता समारू राम गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रूपए कीमत के कुल 8 नग चोरी का मोबाइल व 2 हजार रूपए नगद बरामद किया गया है। रजगामार चौकी प्रभारी उप निरीक्षक चंद्रवंशी ने बताया कि अर्जुन गिरी आदतन चोर है, इससे पहले भी कई बार चोरी के मामले में जेल की हवा खा चुका है।
