फॉरेंसिक मोबाइल वैन से अपराध जांच होगी और अधिक सशक्त, वैज्ञानिक व साक्ष्य आधारित BNS 2023 के तहत गंभीर अपराधों में फॉरेंसिक जांच अनिवार्य कोरबा में सीन ऑफ क्राइम मोबाइल वैन का शुभारंभ, मंत्री लखन लाल देवांगन ने दिखाई हरी झंडी

कोरबा।अपराधों की जांच को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित बनाने की दिशा में कोरबा जिले को शनिवार को एक महत्वपूर्ण सौगात मिली। सीन ऑफ क्राइम फॉरेंसिक मोबाइल वैन का शुभारंभ करते हुए लखन लाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि यह मोबाइल वैन भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जुलाई 2024 से भारतीय दंड संहिता (IPC) के स्थान पर BNS 2023 लागू किया गया है। नई व्यवस्था के अंतर्गत धारा 176(3) में यह प्रावधान किया गया है कि जिन अपराधों में 7 वर्ष या उससे अधिक की सजा का प्रावधान है, उन मामलों में फॉरेंसिक विशेषज्ञ द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण एवं भौतिक साक्ष्यों का संग्रह अनिवार्य होगा।
इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले को अत्याधुनिक फॉरेंसिक मोबाइल वैन उपलब्ध कराई गई है। इसका लोकार्पण माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया जा चुका है, तथा आज इसे कोरबा जिले में विधिवत प्रारंभ किया गया।
श्री देवांगन ने बताया कि यह मोबाइल वैन एक चलित फॉरेंसिक प्रयोगशाला के रूप में कार्य करेगी, जिसमें ब्लड डिटेक्शन किट, नारकोटिक्स डिटेक्शन किट, बुलेट डिटेक्शन किट सहित कई आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं। इसके साथ ही यह वैन जीपीएस एवं जनरेटर जैसी सुविधाओं से भी सुसज्जित है।
फॉरेंसिक मोबाइल वैन के माध्यम से घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच एवं आवश्यक साक्ष्यों का सुरक्षित संग्रह किया जा सकेगा। इससे अपराधों की जांच अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं साक्ष्य आधारित होगी तथा न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलेगी। यह पहल अपराध नियंत्रण, दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा आम नागरिकों को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद नरेंद्र देवांगन, राजेंद्र साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
