NH-130 पर तान नदी पुल के पास तेज रफ्तार का कहर — कार और पिकअप में आमने-सामने की भीषण टक्कर, बड़ा हादसा टला
पोड़ी उपरोड़ा।कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 पर बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरसिया के समीप तान नदी पुल के पास आज शाम करीब 6 बजे तेज रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक नजारा देखने को मिला। कार और पिकअप (TATA MAX) की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में कार के चीथड़े उड़ गए, जबकि कुछ ही पलों के अंतर से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार कटघोरा से अंबिकापुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर की तरफ से कटघोरा की दिशा में आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन गलत साइड में आ गया और तान नदी पुल के पास सीधे कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। पिकअप चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन का क्रमांक CG-08-AJ-1635 बताया गया है। सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।


