सायबर थाना तैयार, वर्चुअल उद्घाटन के साथ आज से शुरू होगा शुरू

सिविल लाइन थाना परिसर मेें होगा संचालन, सीएम करेंगे लोकार्पण
कोरबा। जिले में खुलने वाला नया सायबर थाना बनकर तैयार हो गया है, बुधवार को सीएम विष्णुदेव के हाथों वर्चुअल उद्घाटन के साथ ही संचालन शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही सायबर क्राइम के मामलों में त्वरित कार्रवाई व मदद मिलेगी।
डिजिटलाइजेशन के दौर में प्रत्येक लोगों के हाथों में मोबाइल पहुंच गया है, इसके साथ ही क्राइम का रूप भी डिजिटल होते जा रहा है। पहले लूट व ठगी की जो वारदात प्रत्यक्ष रूप से की जाती थी वह अब सैकड़ो-हजारों किलोमीटर दूर बैठे सायबर अपराधी एक क्लिक में कर रहे हैं। सायबर क्राइम के शिकार उच्च शिक्षित लोग भी हो रहे हैं। सायबर क्राइम चुनौती साबित होती जा रही है। ऐसे में प्रदेश में पहले सायबर अपराध पर रोकथाम व ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए रेंज स्तरीय सायबर थाना खोले गए, हालांकि सायबर क्राइम के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब जिला स्तर पर सायबर थाना खोले जा रहे हैं। इसी कड़ी में कोरबा में सायबर थाना की स्वीकृति के बाद गजट नोटिफिकेशन व सेटअप मिला। इस माह सिविल लाइन थाना परिसर में बने नए भवन में नया सायबर थाना तैयार कर लिया गया। आज बुधवार दोपहर 12.45 सीएम विष्णुदेव साय द्वारा उक्त सायबर थाना का वर्चुअल तरीके से विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही नया सायबर थाना का संचालन शुरू हो जाएगा।
एसआई सोनवानी बनेंगे प्रथम प्रभारी
सायबर थाना का जिम्मा सायबर के जानकार अधिकारियों व कर्मचारियों को ही दिया जाना है इसलिए कोरबा के नया सायबर थाने का प्रभारी एसआई अजय सोनवानी को बनाया गया है, जो लंबे समय से सायबर सेल के प्रभारी है। उनके साथ ही सायबर सेल की पूरी प्रशिक्षित टीम की पदस्थापना आदेश जारी किया गया है। उक्त टीम ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटार्सन, सोशल मीडिया अपराध और डिजिटल धोखाधड़ी के मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है।
थाना खुलने से सीधे होगी सुनवाई
जिले मेें साइबर क्राइम के मामले में जांच व कार्रवाई के लिए अब तक साइबर सेल का संचालन किया जा रहा है। लेकिन साइबर क्राइम के मामले में सीधे सुनवाई वहां नहीं होती। पीड़ित को पहले अपने क्षेत्र के थाना में जाना पड़ता है जहां एफआईआर होती है और आगे की कार्रवाई होती है। जांच में सायबर सेल की टीम सहयोगी के रूप में काम करती रही है। हालांकि अब सायबर थाना बनने से साइबर क्राइम के मामले सीधे वहां पहुंचेंगे और त्वरित सुनवाई व जांच होगी। इसके साथ ही दूसरे थानों में सायबर क्राइम के मामले का दबाव कम होगा।
नया सायबर थाना का वर्चुअल लोकार्पण
एडिशनल एसपी कोरबा लखन पटले के मुताबिक शहर में खुल रहे नया सायबर थाना का आज बुधवार को दोपहर 12.45 बजे विधिवत रूप से वर्चुअल लाेकार्पण होगा। इसके साथ ही थाना का संचालन शुरू हो जाएगा। सायबर थाना के खुलने से सायबर क्राइम के मामले में त्वरित जांच व कार्रवाई से पीड़ितों को राहत मिलेगी।

