करतला: वन विभाग की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी, कुएं से 6 जंगली सूअर सुरक्षित निकाले गए

कोरबा।कोरबा जिले के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत चिकनीपाली गांव में गुरुवार सुबह एक अनोखा और रोमांचक दृश्य देखने को मिला, जब छह जंगली सूअर अचानक गांव के पास स्थित एक कुएं में गिर गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, बम्हनीन पहाड़ की ओर से भटककर आए छह जंगली सूअर — जिनमें एक मादा, दो नर और तीन बच्चे शामिल थे — करीब 20 फीट गहरे कुएं में गिर गए। ग्रामीणों ने जब सूअरों को कुएं के पानी में तैरते देखा तो तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। वन विभाग के कर्मचारियों ने रस्सियों और जाल की मदद से एक-एक कर सभी सूअरों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में ग्रामीणों ने भी पूरा सहयोग किया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी जंगली सूअर पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्राथमिक जांच के बाद उन्हें नजदीकी जंगल में छोड़ दिया गया। समय रहते सूचना मिलने और टीम की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भरोसा और सराहना देखने को मिली।


