दीपोत्सव का त्यौहार सिर पर लेकिन दीया जलाने के लिए ठेका कर्मियों के पास नहीं है पैसा, बिजली कार्यालय का किया घेराव
50 से अधिक सब स्टेशन में काम करने वाले ठेका कर्मियों को नहीं मिला है वेतन

कोरबा। जिले के 50 से अधिक सब स्टेशन में काम करने वाले ठेका कर्मियों को पिछले ढाई महीने से ठेका कंपनी ने वेतन नहीं दिया है जिसके चलते ठेका कर्मी रोजी-रोटी के लाले पड़ गए हैं। ठेका कर्मियों ने विभाग के अधिकारियों से दशहरा उत्सव में वेतन देने की गुहार लगाई थी, लेकिन उन्हें वेतन नहीं मिला। अब दीपावली का त्यौहार सिर पर है लेकिन ठेका कंपनी ना जाने क्यों भुगतान नहीं कर रहा है, जिसके चलते ठेका कर्मियों में आक्रोश है। भुगतान की मांग को लेकर ठेका कर्मियों ने आज विद्युत वितरण विभाग के कार्यालय का घेराव कर दिया। उन्होंने साफ चेतावनी जारी कर दी है कि 21 अक्टूबर तक यदि उन्हें 2 महीने का वेतन नहीं दिया गया तो 22 अक्टूबर से ठेका कर्मी दीपोत्सव के त्यौहार पर आंदोलन करेंगे। ठेका कर्मियों के इस शंखनाद के बाद विद्युत वितरण विभाग के अधिकारियों के हाेश उड़ने लगे हैं।