महतारी वंदन योजना…कहीं जल्दीबाजी में आवेदन करने के चक्कर में न हो जाए ऑनलाइन ठगी का शिकार, फेक ऑनलाइन पोर्टल भी बन गए, अब सर्तक रहने की आवश्यकता, निर्धारित लिंक के अतिरिक्त अन्य लिंक में न करें आवेदन, जाने कौन है सही पोर्टल

कोरबा। राज्य शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में महतारी वंदन योजना 01 मार्च 2024 से लागू की गई है। महतारी वंदन योजना के लाभ लेने के लिए पात्र महिलाएं राज्य शासन की अधिकृत वेबसाइट,ऑनलाइन पोर्टल https://www.mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। योजना से जुड़ी फेक वेबसाइट बनाकर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मो के माध्यम से वायरल की जा रही है। ऑनलाइन पोर्टल https://www.mahtarivandanyojana.info/beneficiary-apply के रूप में दर्शित लिंक फेक व फर्जी है। इस फेक वेबसाइट, ऑनलाइन पोर्टल पर ऑनलाइन फार्म अपलोड ना करें।महतारी वंदन योजना का लाभ लेने के लिए पात्र महिलाएं ऑनलाईन पोर्टल https://www.mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी केन्द्र, ग्राम पंचायत सचिव (ग्राम प्रभारी), बाल विकास परियोजना कार्यालय एवं नगरीय क्षेत्रों में वार्ड प्रभारी के लॉगिन आईडी से आवेदन किया जा सकता है। आवेदन पत्र भरने की सम्पूर्ण प्रक्रिया निःशुल्क होगी। आवेदन प्रपत्र ग्राम पंचायत, वार्ड कार्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र, परियोजना कार्यालय तथा जिले द्वारा आयोजित विशेष कैम्प में उपलब्ध होंगे। प्राप्त आवेदनों की प्रविष्टि ग्राम पंचायत, वार्ड कार्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र, परियोजना कार्यालय तथा जिले द्वारा आयोजित विशेष कैम्प में कैम्प प्रभारी द्वारा ऑनलाईन की जाएगी। प्रत्येक आवेदन की प्री प्रिंटेड पावती दी जाएगी। यह पावती पोर्टल एप से सीधे एसएमएस द्वारा भी हितग्राही को प्राप्त होगी।

महतारी वंदन योजना का लाभ लेने महिलाएं उत्साह से कर रही आवेदन, शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाएँ पहुचकर कर रही आवेदन जमा

कोरबा। मोदी की गारंटी के तहत प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा सराहनीय पहल करते हुए महतारी वंदन योजना लागू किया गया है। योजना के तहत् महिलाओं को लाभ दिलाने हेतु जिले में आवेदन लिया जा रहा है। जिले के नगरीय निकायों के विभिन्न वार्डो एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों में शिविर का आयोजन कर महिलाओं से आवदेन लिया जा रहा है। साथ ही उनकी सहायता हेतु आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनों को भी जिम्मेदारी सौपीं गई है। इस योजना का लाभ लेने के लिए जिले की महिलाएं बहुत ही उत्साहित है। साथ ही महिलाएं इस योजना से मिलने वाली राशि से अपने सुरक्षित भविष्य के प्रति पूरी तरह से निश्चित नजर आ रही हैं। सबेरे से ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रो में लगने वाले शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाएँ पहुचकर आवेदन जमा कर रही है। इसी कड़ी में महतारी वंदन योजना का लाभ लेने हेतु आवेदन जमा करने पहुंची ग्राम पंचायत गोढ़ी की श्रीमती सविता यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने हेतु इस योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। सविता ने उत्साहपूर्वक बताया कि यह बहुत खुशी की बात है कि महिलाओं के हित में सरकार इतनी अच्छी योजना संचालित कर रही है। जिसका उपयोग महिलाएं अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति सहित विभिन्न कार्यों के लिए कर सकेंगीं।
इसी प्रकार श्रीमती सोनी अनंत ने बताया कि यह महिलाओं के हित में बहुत ही अच्छी योजना है। योजना का लाभ लेने के लिए आज वह गोढ़ी पंचायत भवन में आवेदन करने आई है। यहां उसने कर्मचारियों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद से अपना आवेदन भरकर जमा किया है। मार्च महीने में उसे योजना के तहत 01 हजार रूपए प्राप्त होगा, जिससे वह काफी उत्साहित हैं। सभी महिलाओं ने उनके हित में इस योजना को लागू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।