बैंक से रकम निकालने गए हैं तो रहे सतर्क, बदमाश हुए सक्रिय, जांजगीर-चांपा में दिनदहाड़े किसान से 2.50 लाख की लूट
छत्तीसगढ़। पड़ोसी जिला जांजगीर-चांपा में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े ढाई लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बैंक से नकदी निकालकर लौट रहे एक किसान को बीच रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने रोककर रुपयों से भरा थैला छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना राहौद की है, जो शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत आता है। ग्राम राहौद निवासी गोपेश्वर कुमार पटेल ने घरेलू कार्य के लिए गांव के ही श्याम चंदेल से ढाई लाख रुपये उधार लिए थे। श्याम चंदेल ने गोपेश्वर के नाम पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का चेक जारी किया था।
दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच गोपेश्वर कुमार पामगढ़ स्थित एसबीआई शाखा पहुंचा और चेक के माध्यम से 2.50 लाख रुपये की नकदी निकाली। बैंक से राशि निकालते समय उसकी मुलाकात परिचित मिथिलेश नामक व्यक्ति से हुई, जिसके साथ वह वापस राहौद लौटा।
गांव पहुंचने के बाद उसने ग्रामीण बैंक के पास खड़ी अपनी साइकिल ली और नगदी से भरा थैला साइकिल के हैंडल में टांगकर घर की ओर निकल पड़ा। रास्ते में तालाब के पास सुनसान स्थान पर सामने से आए दो अज्ञात युवकों ने अचानक उसकी साइकिल रोक ली। आरोपियों ने धक्का-मुक्की कर साइकिल सहित थैला छीनने की कोशिश की और आखिरकार नगदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित कुछ समझ ही नहीं सका।
घटना की सूचना मिलते ही राहौद पुलिस हरकत में आई और क्षेत्र में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि देर शाम तक आरोपी पकड़ में नहीं आ सके थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
जांच के दौरान बैंक के सीसीटीवी फुटेज से अहम खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक से ही ग्रामीण की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और मोटी रकम का आहरण होते ही उसका पीछा करने लगे थे। सुनसान स्थान पाकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध आरोपियों की तस्वीरें भी जारी की हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। फिलहाल क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

