सामाजिक एकता का मिसाल बना केराझरिया में आयोजित सम्मेलन, स्वास्थ्य मंत्री ने दी 25 लाख की सौगात, जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी सुलभ के लिए की 5 लाख की घोषणा
कोरबा। पाली क्षेत्र के ग्राम केराझरिया में आयोजित सर्ववर्गीय कलचुरी कलार समाज का भव्य सम्मेलन सामाजिक एकता, परंपरा और संगठन शक्ति का ऐतिहासिक उदाहरण बन गया। हजारों की संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को अभूतपूर्व बना दिया।

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का बाजे-गाजे, पुष्पमालाओं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। अपने उद्बोधन में मंत्री ने कहा कि सहस्त्रबाहु भगवान की जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हुई है और भगवान की असीम कृपा से आज केराझरिया में भी यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।

मंत्री जायसवाल ने समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए कलचुरी डिक्सेना सामाजिक भवन के विकास के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सामाजिक भवन समाज की गतिविधियों का केंद्र होता है और इसके सुदृढ़ निर्माण से आने वाली पीढ़ियों को लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने सुलभ (शौचालय) निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। पाली नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल की उपस्थिति ने आयोजन को और गरिमा प्रदान की।
मंत्री ने अपने संबोधन में समाज के वरिष्ठ मार्गदर्शक रामगोपाल डिक्सेना का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि वे उन्हें उस समय से जानते हैं, जब वे कोरबा के तत्कालीन सांसद स्व. बंसी लाल बाबूजी के साथ सक्रिय रहते थे। उन्होंने कहा कि ऐसे वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन समाज की अमूल्य धरोहर है।

उन्होंने कल्चुरी राज्य इतिहास पुरातत्व समिति के छत्तीसगढ़ राज्य संयोजक कौन्तेय जायसवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करना अत्यंत आवश्यक है।
सम्मेलन में बिलासपुर डड़सेना कलार समाज के अध्यक्ष अशोक जायसवाल, कल्चुरी महोत्सव के संयोजक सुरेंद्र जायसवाल, अध्यक्ष बिलासपुर रमेश जायसवाल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही कार्यक्रम में डड़सेना कलार समाज के अध्यक्ष बृजमोहन डिक्सेना एवं उपाध्यक्ष बेदराम डिक्सेना डड़सेना कलार महासभा सचिव देवलाल डिक्सेना एवं पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद डिक्सेना पूर्व कोषाध्यक्ष मानिक लाल डिक्सेना की भी विशेष उपस्थिति रही , नदलाल जायसवाल, राजेंद्र जायसवाल तथा सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा की भूमिका भी उल्लेखनीय रही।

ग्राम पंचायत केराझरिया के सरपंच गिरजा सत्यनारायण पैकरा ने समाज के लिए भूमि उपलब्ध कराने में सहयोग प्रदान कर उदारता का परिचय दिया। मंत्री ने उनके इस योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से समाज को स्थायी आधार मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया गया। अंत में सभी अतिथियों एवं समाजजनों के लिए भव्य प्रीति भोज का आयोजन किया गया।
आयोजक सर्ववर्गीय कलचुरी कलार समाज, पाली परिक्षेत्र, जिला कोरबा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजबंधुओं, अतिथियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

