Uncategorized

कोरबा: केंदई नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, दो की मौत, पांच घायल

कोरबा। जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे पर झरना मोड़ के पास गुरुवार देर रात करीब 12 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। दो कारों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, हादसे के दौरान दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए, जिससे कुछ लोगों की जान बच सकी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। तत्काल मोरगा चौकी पुलिस और 112 डायल को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल भेजा गया।

घायलों को पोड़ी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया
पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए पोड़ी उपरोड़ा स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
एक कार में 4, दूसरी में 3 लोग सवार
जानकारी के अनुसार आल्टो 100 कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौके पर मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं दूसरी कार में तीन लोग सवार थे, जो सभी घायल हुए हैं।
मृतक की पहचान धन सिंह यादव के रूप में
बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों में सवार लोग कोरबी क्षेत्र के निवासी हैं। मृतकों में एक की पहचान धन सिंह यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
पुलिस कर रही जांच
मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम देर रात घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शुक्रवार सुबह कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच की जा रही है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *