कोरबा में अदानी प्लांट के विस्तार का विरोध, 9 गांव के ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, लैंको प्लांट को खरीदने के बाद अब प्रस्तावित है 1600 मेगावाट का विस्तार प्रोजेक्ट

कोरबा। जिले के उरगा क्षेत्र में अदानी समूह के पावर प्लांट के प्रस्तावित 1600 मेगावाट विस्तार का विरोध शुरू हो गया है। जनसुनवाई से पहले ही प्रभावित गांवों के ग्रामीण लामबंद हो गए हैं और उन्होंने विस्तार योजना पर आपत्ति जताते हुए ज्ञापन सौंपा है।

ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से मुलाकात कर संयंत्र विस्तार का विरोध दर्ज कराया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी चिंताएं रखते हुए कहा कि पूर्व में किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं, ऐसे में नए विस्तार को लेकर क्षेत्र में असंतोष है।
इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि वर्ष 2005 में जमीन अधिग्रहण के समय रोजगार, स्वास्थ्य सुविधा और विकास के वादे किए गए थे, जो आज तक पूर्ण रूप से लागू नहीं हुए। वर्ष 2012-13 में तीसरी और चौथी इकाई के विस्तार के दौरान भी आश्वासन दिए गए थे।
ग्रामीणों का कहना है कि अब प्रस्तावित पांचवीं और छठवीं इकाई के रूप में 1600 मेगावाट विस्तार से 9 गांवों के लगभग 750 मकान प्रभावित हो सकते हैं, जिससे करीब 4 हजार लोगों के सामने विस्थापन की स्थिति उत्पन्न होगी।
जनसुनवाई से पहले शुरू हुआ यह विरोध आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है।

