तमनार कांड: महिला पुलिसकर्मी से अमानवीय व्यवहार का मुख्य आरोपी चित्रसेन साव गिरफ्तार, महिला आरक्षकों ने निकाला जुलूस

रायगढ़।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ हुई शर्मनाक और निंदनीय घटना के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस प्रकरण के मुख्य आरोपी चित्रसेन साव को सोमवार को पडीगांव, तमनार से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद महिला पुलिसकर्मियों ने आरोपी का जुलूस निकाला।

इस दौरान उसे जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और चूड़ियां पहनाकर सख्त कार्रवाई का संदेश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों तमनार क्षेत्र में कोयला खदान के विरोध में चल रहे आंदोलन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने अपनी ड्यूटी निभा रही महिला कांस्टेबल के साथ अमानवीय और घोर निंदनीय व्यवहार किया था।

उग्र भीड़ ने महिला आरक्षक को दौड़ाकर खेत में गिरा दिया और उसके साथ बदसलूकी की।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में आक्रोश फैल गया

वायरल वीडियो में साफ देखा गया कि महिला आरक्षक अपनी अस्मत बचाने के लिए एक हाथ से कपड़े संभालती रही और दूसरे हाथ से भीड़ को रोकने की कोशिश करती रही।

वह लगातार रोते हुए लोगों से छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन आंदोलन की आड़ में खड़े असामाजिक तत्वों पर उसकी मिन्नतों का कोई असर नहीं हुआ। सरेआम एक महिला पुलिसकर्मी का अपमान किया गया, जिसने मानवता और कानून दोनों को शर्मसार कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया पुलिस प्रशासन
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान के लिए उपलब्ध वीडियो फुटेज और साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।

एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी के साथ इस तरह का कृत्य पूरी तरह अक्षम्य है।
दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और कानून अपना काम करेगा।
पुलिस प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

