ग्राहक बनकर पहुंचे बदमाश, बंदूक की नोंक पर दहशत फैलाकर लूट लिए 3 लाख रूपये
पाली के देशी शराब दुकान में हुई वारदात, बाइक में पहुंचे थे लूटेरे


कोरबा। पाली थाना क्षेत्र में स्थित देशी शराब दुकान में बुधवार की रात बदमाशो ने धावा बोला जो बंदूक की नोंक पर दिनभर का कलेक्शन रकम 3 लाख रूपये लूट ले गए।
लोकसभा चुनाव की तैयारी और सरहदों पर चेकिंग के बीच बुधवार की रात पाली के देशी शराब दुकान में लुटेरों ने दुस्साहस के साथ वारदात को अंजाम दिया है। पाली नगर के मुख्य बाजार से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित एवं नेशनल हाईवे से लगे हुए क्षेत्र में देशी शराब दुकान संचालित है। जहां रात 9:00 से 10:00 बजे के मध्य बाइक में पहुंचे 3 बदमाशो ने बंदूक की नोक पर 3 लाख रूपये कलेक्शन राशि की लूट को अंजाम दिया है।वारदात के बाद लुटेरे वहां से भाग निकले। इसकी जानकारी होते ही पुलिस ने लुटेरों की धरपकड़ के लिए नाकाबंदी और सघन जांच शुरू की। लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए है।
इस तरह कुछ देर में लूट ले गए बिक्री रकम
शराब दुकान में बुधवार की रात दो कर्मचारी बिक्री रकम की गिनती कर रहे थे। 15 मिनट बाद दुकान बंद किया जाता। इससे पहले बाइक में सवार होकर तीन बदमाश पहुंचे। तीनों नकाब पहने हुए थे। जो ग्राहकों के बीच से कुछ देर खड़े रहे फिर शराब दुकान के भीतर जा घुसे। एक बदमाश दुकान के दरवाजे में खड़ा था। दूसरे बदमाश ने सुपरवाइजर की कनपटी पर बंदूक अड़ा दिया। तीसरा बदमाश दुकान में रखे बिक्री रकम समेट लिया। चंद मिनट में बदमाश वारदात कर फरार हो गए।