Uncategorized

एसीबी बिलासपुर की बड़ी सफलतम कार्यवाही: 2.06 करोड़ के गबन में स्टेट बैंक बिल्हा की तत्कालीन कैशियर गिरफ्तार

News by: हरेंद्र डिक्सेना, जिला ब्यूरो चीफ, जयवीरू न्यूज

बिलासपुर। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय स्टेट बैंक की बिल्हा शाखा में हुए 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार 600 रुपये के गबन मामले में तत्कालीन कैशियर श्रीमती तेजवथ थीरापतम्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से एक संदिग्ध मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के मध्य स्टेट बैंक शाखा बिल्हा, जिला बिलासपुर में पदस्थ कैशियर द्वारा बैंक कर्मचारियों एवं अन्य के साथ मिलकर पद का दुरुपयोग किया गया। आरोप है कि बैंक के रिकॉर्ड एवं खातों में छेड़छाड़ कर 2,06,37,600 रुपये का गबन कर बैंक को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
इस संबंध में शाखा प्रबंधक श्री पीयूष बारा द्वारा एसीबी मुख्यालय रायपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर 19 जनवरी 2026 को आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(A), 13(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(4), 61(2), 338, 336(3) एवं 340(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
स्टेट बैंक द्वारा की गई विभागीय जांच में भी कैशियर एवं अन्य के खिलाफ आर्थिक अनियमितता और राशि के गबन की पुष्टि हुई। विवेचना के दौरान एसीबी को संकलित साक्ष्यों से गबन के प्रमाण मिले, जिसके बाद टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी।
26 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बिल्हा स्थित स्टेट बैंक में गोपनीय रूप से आई है। सूचना पर एसीबी बिलासपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़कर अभिरक्षा में लिया और गहन पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से मिले मोबाइल को जांच हेतु जब्त किया गया है, जिससे आर्थिक अनियमितता से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गबन की गई राशि को कई लोगों के खातों में ट्रांसफर किया गया तथा उसे छिपाने के लिए बैंक की विभिन्न सेवाओं जैसे पेय पदार्थ, भोजन, किराया और रखरखाव आदि मदों में खर्च दर्शाया गया।
गिरफ्तार कैशियर जून 2025 से निलंबित थी तथा वर्तमान में रीजनल बिजनेस ऑफिस (आरबीओ) जगदलपुर से संबद्ध थी, किंतु जून 2025 से लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित चल रही थी। वह मूलतः आंध्रप्रदेश के खम्मम जिले की निवासी है और घटना अवधि के दौरान स्टेट बैंक शाखा बिल्हा में पदस्थ थी।
गिरफ्तार आरोपी को विशेष न्यायालय बिलासपुर में पेश कर रिमांड लेने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *