कोरबा

एमपी नगर में गुंडागर्दी करने वाले आरोपी का पुलिस ने निकाला शहर में जुलूस

शराब के लिए पैसे नही देने पर युवकों ने बेवजह की थी मारपीट, एक आरोपी शैलेष झा गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

कोरबा।  महाराणा प्रताप नगर गार्डन के पास लगे ठेले में 30 दिसंबर की देर शाम कुछ लोग सामान खरीदने गए थे। जहां एसपी सिंह ने शराब पीने के लिए  500 रुपये की मांग की। रूपये नहीं देने पर आरोपी एसपी सिंह ने अपने साथी सुशील यादव उर्फ पिंटू यादव, शैलेष झा सहित अन्य 8-10 व्यक्तियों के साथ मिलकर उनसे मारपीट की। जिस पर पुलिस सहायता केंद्र रामपुर में अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व , नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा विश्वदीपक त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में आरोपी के गिरफ्तारी हेतु कोतवाली थाना प्रभारी रूपक शर्मा के नेतृत्व में टीम का गठन किया। जिस पर मामले के एक आरोपी शैलेष झा निवासी रविशंकर नगर के साइबर सेल की मदद से अन्य जिला में होने की जानकारी मिली। विशेष टीम भेजकर आरोपी की विधिवत गिरफ्तारी किया गया। शुक्रवार की शाम गिरफ्तार आरोपी शैलेश झा का एमपी नगर घंटाघर होते शहर में जुलूस निकाला गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी: एसपी

एसपी  संतोष सिंह ने बदमाशों को सख्त चेतावनी देते स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी रूप में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से निपटेगी।