Uncategorized

प्रेमिका की गला दबाकर हत्या, सर्पदंश से मौत बताकर लिखाई गई थी रिपोर्ट 

एफएसएल रिपोर्ट में डॉक्टर के राय के आधार पर हुआ खुलासा, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार 

कोरबा। महिला की गला दबाकर उसके ही प्रेमी ने हत्या कर दी थी। घटना के बाद सर्पदंश से मौत बताकर रिपोर्ट लिखाई गई थी। एफएसएल रिपोर्ट में खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना बालकोनगर थाना अंतर्गत चेकपोस्ट के नेपालीपारा में करीब एक माह पहले हुई थी। जहां निवासरत शांति चौहान (32) की मौत हो गई थी। सर्पदंश से मौत बताकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया था। घटनास्थल व शव निरीक्षण पर मामला संदिग्ध नजर आया। पीएम कराने पर रिपोर्ट में स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। बिसरा प्रिजर्व कर एफएसएल रिपोर्ट पश्चात राय देने की बात कही गई। मृतका के ब्लड सैंपल को एफएसएल बिलासपुर भेजा गया, वहां रिपोर्ट में रासायनिक विष नहीं पाया गया। इसके बाद डॉक्टर ने अपने ओपिनियन में बताया कि मृतका की मौत गला दबाने से दम घुटने के कारण हुई है। उसके शरीर में मिली चोट उसकी मौत से पहले का है। इस तरह मामला हत्या का निकला। पुलिस ने जांच कि तो पता चला कि शांति चौहान अपने प्रेमी सौरभ यादव (32) मूलत: निवासी ग्राम खैरुददीनपुर, थाना पवई, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम कोसाबाड़ी (कोरबा) के साथ रह रही थी। घटना की रात सौरभ यादव महिला के साथ था जो सुबह उसके मृत अवस्था में मिलने के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर संदेही सौरभ यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।