कोरबा

अरे ये क्या…एक ओर कलेक्टर ले रहे थे फ्लाई ऐश उपयोगिता से जुड़ी बैठक, दूसरी ओर हाईवा गिराते जा रहे थे सड़क पर राखड़, महिलाओं ने सड़क पर बैठकर राेक दिया परिवहन

बालकाेनगर में परसाभाठा बाजार से बजरंग चाैक तक राखड़ परिवहन से लाेगाें का हाल-बेहाल, बालकाे प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ सड़क पर उतरे लाेग, देर रात भी प्रदर्शन जारी

 

काेरबा। कलेक्टर संजीव झा एक ओर आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में फ्लाई ऐश उपयोगिता समिति की समीक्षा बैठक लेते हुए राखड़ परिवहन में नियमाें के पालन के लिए सख्त निर्देश दे रहे थे। दूसरी ओर बालकाे नगर में सड़क पर फ्लाई ऐश के परिवहन में लगे हाईवा राखड़ गिराते हुए जा रहे थे। कल भी दिन और रातभर सड़क पर राखड़ गिरा था। जिससे नगरवासियों को सड़क से गुजरते समय फिसलन और उड़ती राख़ड (धूल) का सामना करना पड़ रहा था।

इस बीच सुबह कई हाईवा बाजार के पास सड़क पर राखड़ गिराते हुए जा रही थी। पहले ही सड़क पर दलदल की तरह जमे राखड़ के बाद ऊपर से राखड़ के ढेर गिरने से परेशान लाेग गुस्से में आ गए, उन्होंने राखड़ परिवहन में लगे गाड़ियों को रोक दिया। महिलाएं सड़क पर ही बैठ गई। सुबह से शाम तक प्रशासन की ओर से काेई भी अधिकारी नहीं पहुंचे। तब जन समुदाय ने शाम काे कलेक्टर के नाम पर बालकाेनगर थाना प्रभारी काे ज्ञापन साैंपा गया। देर शाम अंधेरा हाेने के बाद भी माैके पर स्थानीय लाेगाें का प्रदर्शन जारी है। लाेगाें ने अपनी मांगाें के लिए किए गए विराेध-प्रदर्शन के दाैरान चार पहिया व छोटे गाड़िया की आवाजाही नहीं रोकी। सड़क पर नजारा आर्थिक नाकेबंदी की तरह हाे गया, कई किलोमीटर तक भारी वाहनों की लंबी कतार लगी है। लोग मांग कर रहे थे कि राखड़ परिवहन में लगे गाड़ियों की आवाजाही नगर के भीतर से बंद हाे। उसके लिए अलग से मार्ग बनाया जाए जिससे क्षेत्र के लोग का जीवन सुरक्षित हो। रात में भी क्षेत्र के लाेग टेंट लगाकर ठंड के बीच धरना पर बैठे हैं। 10 घंटे से ज्यादा समय से परसाभाठा बाजार के पास विराेध-प्रदर्शन चल रहा है।

 

वहीं कई किलाेमीटर तक भारी वाहन फंसे हुए हैं।

 

राखड़ परिवहन और डंपिंग में लापरवाही पर होगी सख्त कार्यवाही: कलेक्टर झा 

जिले के ऊर्जा संयंत्रों से निकलने वाले राखड़ के परिवहन और डंपिंग में लापरवाही पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। संयंत्रों से निकलने वाले राखड़ के सुरक्षित निष्पादन और राखड़ परिवहन वाले सड़कों की देखभाल करने की जिम्मेदारी ऊर्जा संयंत्र प्रबंधनों की होगी। कलेक्टर संजीव झा ने इस संबंध में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित फ्लाई ऐश उपयोगिता समिति की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर संजीव झा ने तिरपाल ढांक कर ही राखड़ परिवहन करने तथा धूल उड़ने पर पानी का छिड़काव लगातार करते रहने के भी निर्देश दिए। उन्होंने राखड़ परिवहन के लिए अनुमति प्राप्त वाहनों पर अनुमति आदेश और इनवॉइस की कॉपी भी गाड़ी में रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नियम विरुद्ध और गैर जिम्मेदाराना तरीके से राखड़ परिवहन करने पर कार्यवाही करने के निर्देश परिवहन और पर्यावरण विभाग के अधिकारियों को दिए। बैठक में जिले में स्थापित ऊर्जा संयंत्र बाल्को, एनटीपीसी, सीएसईबी, लैंको प्रबंधनों के अधिकारीगण शामिल हुए। साथ ही जिला प्रशासन से अपर कलेक्टर विजेंद्र पाटले, डीएफओ कोरबा पी अरविंद, डीएफओ कटघोरा श्रीमती प्रेमलता यादव, सभी एसडीएम और पर्यावरण अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।