जिनकी चर्चा जोरों पर थी उन्हें पछाड़कर वरिष्ठ भाजपा नेत्री संजू देवी राजपूत को मिली महापौर की टिकट

कोरबा। पार्षदों के बाद महापौर पद के प्रत्याशी की घोषणा में भाजपा ने बाजी मार ली है। कांग्रेस की ओर से अब तक सूची तो दूर ढंग से पार्षद पद के उम्मीदवारो के नाम लीक नहीं हुए हैं। महापौर के लिए अभी ऊषा तिवारी और सपना चौहान का नाम चल रहा है। जबकि भाजपा ने कल शाम को पार्षद पद के उम्मीदवारो की सूची जारी की और आज नगर निगम कोरबा के महापौर पद के लिए श्रीमती संजू देवी राजपूत को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।

नेताओं और लोगों के बीच जिन पांच महिला नेत्रियों के नाम की चर्चा चल रही थी उसमें संजू देवी राजपूत का भी नाम था। लेकिन मीडिया में दो ही नाम रितु चौरसिया और आरती विकास अग्रवाल को टिकट मिलने के दावे चल रहे थे। इसके लिए कोई संघ से जुड़ाव हो तो कोई हाईप्रोफाइल एप्रोच की ताकत बताने में लगा था। लेकिन पार्टी हाईकमान के निर्णय ने सभी को चौका दिया है। श्रीमती संजू देवी राजपूत को सबसे सशक्त दावेदार मानते हुए उन्हें पार्टी का प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया गया है।

रिटायर्ड इंस्पेक्टर चंद्रमा सिंह राजपूत की पत्नी है संजू देवी
भाजपा ने नगर निगम के महापौर के लिए जिस संजू देवी राजपूत का नाम फाइनल किया है वह कोई नई नेत्री नहीं है बल्कि लम्बे समय से भाजपा से जुड़ी हुई है। पूर्व पार्षद भी रह चुकी हैं। समाज सेवा में भी वे आगे रही हैं। खास बात यह है कि कोरबा पुलिस में लंबे समय तक सेवा दे चुके रिटायर्ड इंस्पेक्टर चंद्रमा सिंह राजपूत की पत्नी है। एक तरह से भाजपा ने सशक्त उम्मीदवार का चयन किया है।